मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की फिल्म 'रईस' के प्रोड्यूसर्स का कहना है कि उनकी फिल्म देश में इस साल 100 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली पहली फिल्म बन गई है. ऋतिक रोशन अभिनीत फिल्म 'काबिल' के साथ 25 जनवरी को रिलीज हुई 'रईस' ने भारत में सात दिनों में 109.01 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है.
'रईस' के प्रोड्यूसर्स की ओर से जारी बयान के मुताबिक, फिल्म ने विदेशों में 92 लाख डॉलर (तकरीबन 62 करोड़ रुपये) की कमाई की है, जबकि कुछ जगहों से रिपोर्ट आना अभी बाकी है. इस तरह से घरेलू और विदेशों की कमाई को जोड़ दिया जाए तो फिल्म ने तकरीबन 171 करोड़ की कमाई कर ली है. आपको बता दें कि 'रईस' गणतंत्र दिवस पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने के साथ ही 100 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली शाहरुख की सातवीं फिल्म है. बयान के मुताबिक, "हालिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है कि फिल्म ने सिंगापुर में बॉक्स ऑफिस पर 226,000 डॉलर (तकरीबन 1 करोड़ 50 लाख रुपये) की कमाई कर रिकॉर्ड तोड़ दिया है. यहां किसी भी बॉलीवुड फिल्म के मुकाबले वीकेंड में सर्वाधिक कमाई करने वाली फिल्म 'रईस' है."रईस Vs काबिल : जानें, अबतक की कमाई में किसने मारी है बाजी?
एबीपी न्यूज़/एजेंसी | 01 Feb 2017 05:51 PM (IST)