नई दिल्ली: प्रियंका चोपड़ा, अनुष्का शर्मा और भूमि पेडनेकर सरीखी बॉलीवुड हस्तियों ने साल 2012 में दिल्ली की एक युवती के साथ चलती बस में हुए सामूहिक दुष्कर्म के चार दोषियों को मृत्युदंड की सजा बरकरार रखने के सर्वोच्च न्यायालय के फैसले की सराहना की है. सर्वोच्च न्यायालय ने सोमवार को चारों दोषियों में से तीन दायर याचिकाएं खारिज कर दी थी. गौरतलब है कि मुकेश (29), पवन गुप्ता (22) और विनय शर्मा (23) ने वर्ष 2017 में ट्रायल कोर्ट द्वारा दी गई मृत्युदंड की सजा और दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा बरकरार रखने के खिलाफ सर्वोच्च अदालत में याचिका दार की थी. इस दुष्कर्म कांड के चौथे आरोपी अक्षय कुमार सिंह (31) ने याचिका दायर नहीं की थी.
सर्वोच्च न्यायालय के फैसले पर कलाकारों ने खुशी जताते हुए ट्वीट किए :
प्रियंका चोपड़ा ने ट्वीट किया, 'न्याय में देरी हुई लेकिन अन्याय नहीं हुआ. देश के सर्वोच्च न्यायालय ने इस गंभीर अपराध के दोषियों को मजबूत संदेश दिया है. अब न्याय हुआ. अब और निर्भयाएं नहीं होंगी.'
अनुष्का शर्मा ने लिखा है, 'उसका दर्द हम सभी में जीवित है.'
मनीषा कोइराला ने ट्वीट किया सभी माएं निर्भया मामले की दुर्दशा को समझेंगी. यह निर्णय भारतीय न्यायपालिका में हमारे विश्वास की पुष्टि करता है. चलो सुरक्षित भविष्य की उम्मीद करें.
अभिनेत्री डायना पेंटी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'अंत में न्याय हुआ और बहुत ही जरूरी उदाहरण स्थापित किया गया है.'
भूमि पेडनेकर ने ट्विट किया, एक बर्बर अपराध पर देश की भावनाओं के साथ मेरी भावनाएं भी हिलोरे मार रही थीं. आखिरकार न्याय हुआ.
