मुंबई: अभिनेता शाहरूख खान, प्रियंका चोपड़ा, रितिक रोशन, करण जौहर समेत बॉलीवुड की अन्य शख्सियतों ने ट्विटर पर फिल्मकार आशुतोष गोवारीकर का स्वागत करते हुए उनके साथ के कुछ यादगार लम्हों को शेयर किया.
माइक्रोब्लॉगिंग साइट से कल जुड़ने वाले 52 साल के निर्देशक ने अपना पहला ट्वीट शाहरूख के नाम करते हुए कहा कि इस मंच पर आने के लिए 17 दिसंबर से अच्छा दिन नहीं हो सकता था क्योंकि इसी दिन रिलीज हुयी उनकी फिल्म स्वदेश को 12 साल हो गए. शाहरूख ने भी ट्वीट किया, ‘‘मेरे दोस्त के स्वागत के लिए इससे अच्छा नहीं हो सकता जिन्होंने कि मेरी जिंदगी की सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में एक दी है. उनको ढेर सारा प्यार. ’’ ‘‘जोधा अकबर’’ और ‘‘मोहनजोदड़ो’’ में डायरेक्टर के साथ काम कर चुके रितिक ने उनको दो यादगार भूमिका देने के लिए गोवारीकर का शुक्रिया अदा किया.