मुंबई: सुपरस्टार शाहरुख खान ने अरमान मलिक के साथ काम करने की ख्वाहिश जाहिर की है. शाहरुख बीते रोज़ ट्विटर पर अपने फैंस के साथ एक चैट सेशन के दौरान बातें कर रहे थे. इसी बीच एक फैन ने इनसे सवाल कर दिया कि क्या वह गायक अरमान मलिक के साथ काम करना चाहेंगे. इस सवाल पर शाहरुख ने जवाब दिया, "मुझे अच्छा लगेगा अगर अरमान मेरे लिए गाएं." बता दें कि अरमान ने बॉलीवुड में की हिट गाने गाए हैं, जिनमें 'सब तेरा', 'नैना' और 'बोल दो न जरा' जैसे गाने शामिल हैं.
शाहरुख के इस जवाब के बाद गायक अरमान मलिक ने ट्वीट कर कहा, "यह कमाल का होगा अगर अमाल मलिक संगीत बनाएं और मैं गाऊं क्योंकि वह संगीतकार और मैं गायक हूं. हमारे लिए यह सपने के सच होने जैसा होगा."
शाहरुख फिलहाल अपनी अगली फिल्म 'जीरो' की शूटिंग कर रहे हैं. फिल्म में किंग खान के साथ कैटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा भी नज़र आएंगी. इस फिल्म में शाहरुख ने एक बौने लड़के का किरदार निभाया है. फिल्म का टीज़र काफी दिनों पहले रिलीज़ हो चुका है जिसे फैंस ने खूब पसंद किया. इस फिल्म के टीजर और ट्रेलर के बारे में पूछे जाने पर शाहरुख ने कहा, "आनंद एल राय ने ईद पर रिलीज करने के लिए एक टीजर बनाया है. उम्मीद है कि आप सबको पसंद आएगा."