उत्तर प्रदेश में पीसीएस परीक्षा का रिजल्ट आते ही सैकड़ों घरों में खुशियों की लहर दौड़ गई. कई युवाओं का सपना पूरा हुआ, वर्षों की मेहनत रंग लाई. लेकिन इसी खुशी के बीच 154 चयनित अभ्यर्थियों के लिए एक चिंता भी खड़ी हो गई है.
UPPSC की तरफ से 29 मार्च को सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (PCS) 2024 का अंतिम रिजल्ट घोषित किया. इस परीक्षा में कुल 947 पदों पर भर्ती होनी है, जो 24 अलग-अलग तरह के पदों के लिए हैं. इनमें प्रशासन से लेकर जेल विभाग तक के पद शामिल हैं. परिणाम के साथ ही आयोग ने एक अहम सूचना भी जारी की, जिसने 154 अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ा दी है.
क्या है मामला?
जो अभ्यर्थी इंटरव्यू में शामिल नहीं हुए, उनका डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन नहीं हो सका. इसलिए उनके परिणाम के आगे प्रोविजनल लिखा हुआ है. इसका मतलब यह है कि उनका चयन अभी पूरी तरह पक्का नहीं माना गया है.
सिर्फ यही नहीं, 151 ऐसे अभ्यर्थी भी हैं जिन्होंने इंटरव्यू से पहले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराया था, लेकिन उनकी फाइलों में कुछ न कुछ कमी निकल आई. कहीं प्रमाण पत्र अधूरा था, कहीं तारीख में गड़बड़ी थी, तो कहीं जरूरी दस्तावेज ही नहीं मिले. अब आयोग इन सभी अभ्यर्थियों को फिर से मौका देने जा रहा है, ताकि वे अपने कागज पूरे कर सकें. आयोग का कहना है कि जब तक ये सभी अभ्यर्थी सही दस्तावेज जमा नहीं कर देते, तब तक उनके नाम शासन को अंतिम सिफारिश के लिए नहीं भेजे जा सकते.
दस्तावेज पूरे किए बिना शासन को नहीं जाएगी सिफारिश
आयोग ने परिणाम के साथ ही साफ शब्दों में लिखा है कि जिन अभ्यर्थियों के नाम के सामने “औपबंधिक” लिखा है, वे तय समय के भीतर अपने सभी जरूरी दस्तावेज जमा कर दें. अगर ऐसा नहीं किया गया, तो उनका चयन रद्द कर दिया जाएगा.
कागज बेहद अहम
विशेषज्ञों का कहना है कि उम्मीदवारों को आवेदन के समय ही अपने सभी प्रमाण पत्रों को ध्यान से जांच लेना चाहिए. जन्मतिथि, शैक्षिक योग्यता, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, सब कुछ सही और अपडेट होना चाहिए. छोटी सी गलती भी बड़ी परेशानी बन सकती है.
जल्द घोषित होगी नई तारीख
अब आयोग जल्द ही इन 154 अभ्यर्थियों के लिए डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की नई तारीख घोषित करेगा. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की वेबसाइट और सूचनाओं पर नजर बनाए रखें और समय पर उपस्थित हों.
यह भी पढें - UP Board Result 2026: कॉपियों की जांच आगे बढ़ी, अब कब आएगा रिजल्ट? आइये जानें
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI