नई दिल्ली: आम आदमी के जेब पर बोझ बढ़ाने वाली एक और खबर आ गई है. पंजाब और हरियाणा में पिछले पखवाड़े सामान्य उपभोग वाली कई सब्जियों के दाम में तेज वृद्धि देखी गयी. कारोबारियों ने इसके लिए सप्लाई में कमी को जिम्मेदार बताया. कारोबारियों ने आज कहा कि लौकी, भिंडी, मटर, पालक, फूलगोभी, करैला, बैंगन आदि की खुदरा कीमतें लगभग दोगुनी हो गयीं. पिछले 15 दिनों के दौरान टमाटर, हरी मटर, टिंडा, खीरा, तोरी आदि के भाव में भी तेजी देखी गयी.
कारोबारियों ने कहा , ‘भाव बढ़ने के लिए मौसम समेत कई कारक जिम्मेदार हैं. जहां कुछ हिस्सों में बारिशें हुई हैं, अन्य हिस्सों में सूखा चल रहा है.’
उन्होंने कहा कि लौकी 30 रुपये प्रति किलोग्राम की जगह 60 से 80 रुपये प्रति किलोग्राम, भिंडी 30 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलोग्राम, पालक 15 रुपये प्रति बंडल की जगह 20 से 30 रुपये, टिंडा 40-50 रुपये से बढ़कर 70-80 रुपये प्रति किलोग्राम, हरी मटर 40 से बढ़कर 80 रुपये किलो, बैंगन 30 की जगह 50 रुपये किलो, टमाटर 20-25 की जगह 40 रुपये प्रति किलोग्राम और मटर 80 से बढ़कर 120 रुपये किलो हो गई.
इनके अलावा फूलगोभी 20-30 से बढ़कर 50 रुपये करेला बढ़कर 50-60 रुपये किलो पर पहुंच गया. हालांकि, प्याज एवं आलू के भाव लगभग स्थिर रहे. नींबू भी टिका रहा.