नई दिल्लीः बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स आज 188 अंक के नुकसान से 34,915.38 अंक पर आ गया. यह इसका एक हफ्ते का निचला स्तर है. ऑटो, हेल्थकेयर सर्विसेज, मेटल और एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स में लगातार दूसरे दिन गिरावट आई.
क्यों आई बाजार में गिरावट विदेशी फंड की लगातार निकासी, कंपनियों के कमजोर तिमाही नतीजों और कमजोर रुपये से बाजार के सेंटीमेंट पर असर पड़ा. वैश्विक संकेतक भी कमजोरी के रुख के थे. निवेशकों की नजरें अमेरिका चीन वार्ता के नतीजों और अमेरिका के रोजगार के आंकड़ों पर है.
कैसा खुला बाजार बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स आज 35,144.96 अंक पर मजबूत खुला और 35,206.55 अंक तक गया. हालांकि बाद में मुनाफावसूली का सिलसिला चलने से सेंसेक्स 34,847.61 अंक के निचले स्तर तक आया. पिछले सत्र में सेंसेक्स 73.28 अंक टूटा था.
कैसी रही बाजार की चाल अंत में सेंसेक्स 187.76 अंक या 0.53 फीसदी के नुकसान से 34,915.38 अंक पर बंद हुआ. यह इसका 26 अप्रैल के बाद का निचला स्तर है. उस दिन सेंसेक्स 34,713.60 अंक पर बंद हुआ था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 61.40 अंक या 0.57 फीसदी के नुकसान से 10,618.25 अंक पर आ गया. कारोबार के दौरान यह 10,700.45 से 10,601.60 अंक के दायरे में रहा.
साप्ताहिक आधार पर बाजार साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स छह हफ्ते में पहली बार नुकसान में रहा. साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स 54.32 अंक या 0.16 फीसदी टूटा. निफ्टी साप्ताहिक आधार पर 74.05 अंक या 0.69 फीसदी नुकसान में रहा.
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक इस बीच शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने कल शुद्ध रूप से 148.42 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 578.92 करोड़ रुपये की बिकवाली की.
