जीएसटी के बाद पहली तिमाही में मारुति की बिक्री 19 फीसदी बढ़ी
ABP News Bureau | 27 Oct 2017 05:54 PM (IST)
पूरे साल के अनुमान की बात करें तो मारुति सुजुकी इंडिया के चेयरमैन भार्गव ने कहा कि कंपनी की बिक्री की दर में बढ़ोतरी दोहरे अंक में रहेगी. साथ ही बाजार में भी तेजी देखने को मिलेगी.

नई दिल्ली: पूरे देश को एक बाजार बनाने वाली कर व्यवस्था यानी जीएसटी का कारों की बिक्री पर कुछ असर होता नहीं दिख रहा. कम से कम मारुति सुजुकी के ताजा आंकड़े तो यही बताते हैं. देश में बिकने वाली हर दो में से एक मारुति सुजुकी बेचती है. कंपनी के मुताबिक, जीएसटी लागू होने के बाद के पहले तीन महीने यानी जुलाई-सितम्बर के दौरान उसने घरेलू बाजार में 4.57 लाख से भी ज्यादा गाड़ियां बेची. बीते साल की दूसरी तिमाही के मुकाबले ये 19 फीसदी से भी ज्यादा है. कंपनी के चेयरमैन आर सी भार्गव के मुताबिक, पूरे कार बाजार की बात करें तो वहां बिक्री 13 फीसदी बढ़ी. ये इस बात का सबूत है कि बाजार में मांग काफी ज्यादा है. भार्गव ने अर्थव्यवस्था में मंदी की बात को भी खारिज कर दिया. मारुति के ये आंकड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान के कुछ दिनों के बाद आए हैं, जिसमें उन्होंने आर्थिक विकास को लेकर हो रही आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा था कि देश में वाहनों की बिक्री काफी तेजी से बढ़ रही है. बतौर मोदी, ये वृद्धि संकेत दे रही हैं कि लोग गाड़ियां खरीद रहे हैं, फोन कनेक्शन ले रहे हैं ले रहे हैं, हवाई यात्राएं कर रहे हैं. ये संकेत शहरी क्षेत्रो में बढती मांग को भी दर्शाते हैं. बहरहाल, पूरे साल के अनुमान की बात करें तो मारुति सुजुकी इंडिया के चेयरमैन भार्गव ने कहा कि कंपनी की बिक्री की दर में बढ़ोतरी दोहरे अंक में रहेगी. साथ ही बाजार में भी तेजी देखने को मिलेगी. भार्गव ने इस मौके पर ये भी ऐलान किया कंपनी इलेक्ट्रिक व्हिकल बनाएगी. लेकिन उन्होंने ये बताने से इनकार कर दिया कि ये गाड़ियां कब बनना शुरु होंगी और किसकी साझेदारी में बनेगी. कंपनी को कारोबारी साल 2017-18 की दूसरी तिमाही में 2484 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ जो बीते साल की समान अवधि के 2402 करोड़ रुपये के मुनाफे की तुलना में 3.41 फीसदी ज्यादा है. हालांकि बीती तिमाही के दौरान कमोडिटी की की ऊंची कीमतों और विज्ञापन में होने वाले खर्च के चलते कंपनी के मार्जिन में कमी आई है. दूसरी तिमाही में कंपनी का मार्जिन घटकर 16.9 फीसदी रहा. कंपनी की कुल आय 7 फीसदी बढ़ी और ये 2.17 लाख करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गयी.