Gold-Silver Rate Today on August 22, 2026: सोने-चांदी की कीमतों में इन दिनों आग लगी हुई है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित देश के प्रमुख सर्राफा बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों ने 3 महीने के उच्चतम स्तर को छू लिया है.

Continues below advertisement

न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के हाजिर बाजार में 99.9% शुद्धता वाला 24  कैरेट का सोना शुक्रवार को 1200  रुपये की बढ़त के साथ प्रति 10 ग्राम 1,63,500 रुपये के स्तर पर पहुंच गया. पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1,62,300 रुपये प्रति 10 ग्राम था. सर्राफा व्यापारियों के मुताबिक, सोना पिछली बार इस स्तर के आसपास 19 मई को देखा गया था.

चांदी में भी रिकॉर्ड तेजी

चांदी की कीमतों में भी इस दौरान भारी तेजी दर्ज की गई. इसकी कीमत 5,000 रुपये बढ़कर 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) हो गई. यह चांदी का 15 हफ्तों का उच्चतम स्तर है. गुरुवार को चांदी 10,000 रुपये के उछाल के साथ 2,45,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी. इस तरह दो ही सत्र में चांदी के भाव में 15,000 रुपये की बढ़ोतरी हो गई है. चांदी पिछली बार चार मई को इन स्तरों के आसपास देखी गई थी, जब इसकी कीमत 2,49,500 रुपये प्रति किलोग्राम थी.

Continues below advertisement

क्यों बढ़ रहे सोने-चांदी के दाम?

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में डॉलर इंडेक्स में आई बड़ी गिरावट के चलते सोने के दाम बढ़े हैं. ऊपर से ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते युद्ध के खतरों ने निवेशकों को शेयरों से पैस निकालकर सोने पर लगाने के लिए मजबूर कर रहे हैं क्योंकि इसे सुरक्षित निवेश के तौर पर देखा जाता है. 

लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध प्रमुख गौरव गर्ग ने कहा, ''शुक्रवार को सोने की कीमतों में तेजी जारी रही और यह लगातार तीसरे हफ्ते बढ़त की ओर बढ़ रहा है. कमजोर अमेरिकी डॉलर और लंबी अवधि के अमेरिकी बांड प्रतिफल में गिरावट के कारण चांदी भी मजबूत बनी हुई है.''

अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुक्रवार को सोने की हाजिर कीमतों में तेजी जारी रही और यह 81.58 डॉलर यानी 2% बढ़कर 4,600.91 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी लगभग 3% बढ़कर 69.87 डॉलर प्रति औंस हो गई.

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ''सोने की हाजिर कीमत बढ़कर लगभग 4,600 डॉलर प्रति औंस हो गई, जो 18 मई के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है. यह लगातार तीसरे हफ्ते बढ़त की राह पर बना हुआ है.'' उन्होंने कहा कि निवेश की मजबूत मांग और मुद्रा एवं बॉन्ड बाजार में ज्यादा उतार-चढ़ाव ने इस कीमती धातु को सहारा देना जारी रखा.

ये भी पढ़ें:

7 करोड़ का फंड बनाना है तो कितनी SIP करनी होगी? समझें 15 साल का पूरा गणित