Adani Share Price: पिछले सप्ताह से ही बिकवाली से जूझ रहे अडानी समूह के शेयरों (Adani Group Stocks) को आज मंगलवार को भी राहत नहीं मिली. सप्ताह के दूसरे दिन का कारोबार समाप्त होने के बाद अडानी समूह के ज्यादातर शेयर घाटे में रहे. वहीं अडानी समूह के एक शेयर पर तो आज लगातार दूसरे दिन भी अपर सर्किट लग गया.

सप्ताह की शुरुआत खराब

अडानी समूह के शेयरों में पिछले सप्ताह से जारी गिरावट गिरावट का ट्रेंड सोमवार को भी बरकरार रहा था. कल समूह के दो शेयरों पर लोअर सर्किट लग गया था. आज भी कमोबेश वही हाल रहा और कारोबार समाप्त होने के बाद समूह के 10 लिस्टेड शेयरों में से 6 के भाव लाल निशान में रहे. वहीं दूसरी ओर 3 कंपनियों के शेयर मामूली तेजी दर्ज करने में सफल रहे, जबकि एक का भाव लगभग स्थिर रहा.

सबसे ज्यादा घाटे में ये 2 शेयर

सप्ताह के दूसरे दिन के कारोबार के बाद सबसे ज्यादा गिरावट में अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) का शेयर रहा. इसने 5 फीसदी के नुकसान यानी लोअर सर्किट के साथ कारोबार को समाप्त किया. अडानी ट्रांसमिशन पर कल भी लोअर सर्किट लगा था. इस तरह यह स्टॉक इस सप्ताह अब तक 10 फीसदी का नुकसान उठा चुका है. वहीं अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) 3 फीसदी से ज्यादा गिरकर बंद हुआ. सोमवार को इसके शेयरों के भाव पर भी लोअर सर्किट लगा था.

इन्हें भी हो गया नुकसान

नुकसान उठाने वाली अन्य कंपनियों को देखें तो समूह का एक अन्य एनर्जी स्टॉक अडानी ग्रीन (Adani Green) 1.50 फीसदी से ज्यादा गिरकर बंद हुआ. एनडीटीवी (NDTV) भी 1 फीसदी से ज्यादा के नुकसान में रहा. इसी तरह अडानी विल्मर (Adani Wilmar) और एसीसी सीमेंट (ACC Cement) के भाव में भी गिरावट दर्ज की गई.

इन कंपनियों को मामूली राहत

फ्लैगशिप शेयर अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) आज मामूली बढ़त बनाने में कामयाब हुआ. एक दिन पहले इसमें करीब 2 फीसदी की बड़ी गिरावट आई थी. इसके अलावा अडानी पावर (Adani Power) और अडानी पोर्ट्स (Adani Ports) में भी हल्की तेजी देखी गई. वहीं अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement) के भाव लगभग पुराने स्तर पर टिके रहे.

सभी शेयरों का प्रदर्शन:

कंपनी का नामआज का बंद भाव (बीएसई पर, रुपये में)बदलाव (फीसदी में)
एनडीटीवी178.90-1.27
अडानी एंटरप्राइजेज1895.150.40
अडानी ग्रीन902.20-1.58
अडानी पोर्ट्स690.850.85
अडानी पावर240.150.61
अडानी ट्रांसमिशन901.85-5.00
अडानी विल्मर390.40-0.74
अडानी टोटल गैस844.00-3.26
एसीसी1754.85-0.63
अंबुजा सीमेंट405.550.00

पिछले सप्ताह से बना है दबाव

इससे पहले पिछले सप्ताह के दौरान भाव में उतार-चढ़ाव के चलते अडानी समूह की 10 लिस्टेड कंपनियों में से 7 के बाजार पूंजीकरण में 3,782 करोड़ रुपये की गिरावट देखी गई थी. बाजार पूंजीकरण के मामले में जिन कंपनियों को नुकसान उठाना पड़ा था, उनमें अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी ट्रांसमिशन, अडानी ग्रीन एनर्जी, अडानी टोटल गैस और अडानी विल्मर भी शामिल रही थी. इनके बाजार पूंजीकरण में 507 करोड़ रुपये से 2,856 करोड़ रुपये के बीच की गिरावट आई थी.

ये भी पढ़ें: अमेजन को सुप्रीम कोर्ट से मिली मोहलत, 202 करोड़ की रिकवरी पर इस तारीख तक रोक