Adani Share Price: घरेलू शेयर बाजारों ने भले ही बुधवार को भी तेजी का रुख बरकरार रखा हो, लेकिन अडानी समूह (Adani Group Stocks) के लिए यह दिन रैली पर ब्रेक लगाने वाला साबित हुआ. सप्ताह के तीसरे दिन के कारोबार में अडानी समूह के उन शेयरों की उड़ान थम गई, जो लगातार अपर सर्किट (Adani Stocks Upper Circuit) लगा रहे थे. समूह के ज्यादातर शेयरों का हाल ठीक नहीं ही रहा.

अपर सर्किट पर लगा ब्रेक

इससे पहले सप्ताह के दोनों शुरुआती दिन अडानी समूह के लिए बढ़िया साबित हुए थे. सप्ताह के पहले दिन यानी सोमवार को अडानी समूह के सभी 10 शेयर बढ़त लेकर बंद हुए थे. वहीं मंगलवार को समूह के 10 में से 7 शेयरों ने तेजी के साथ कारोबार को बंद किया था. अडानी के तीन शेयरों अडानी ग्रीन (Adani Green), अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) और अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) पर सप्ताह के दोनों शुरुआती दिन अपर सर्किट लगा था. आज इन तीनों की उड़ान थम गई.

इन शेयरों में आई तेजी

कारोबार समाप्त होने के बाद अडानी समूह के 10 शेयरों में से 5 में ही तेजी देखी गई, जबकि 5 शेयरों के भाव नुकसान के साथ बंद हुए. समूह के फ्लैगशिप शेयर अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) में आज ढाई फीसदी तक की तेजी आई. अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement) सबसे ज्यादा तीन फीसदी से भी अधिक की बढ़त में रहा. एसीसी सीमेंट (ACC Cement) के शेयरों के भाव में एक फीसदी से ज्यादा की तेजी आई, जबकि अडानी पोर्ट्स (Adani Ports) भी बढ़त में रहा. अडानी ग्रीन (Adani Green) का भाव लगभग पुराने स्तर पर ही रहा.

इन पांच शेयरों को नुकसान

दूसरी ओर एनडीटीवी (NDTV) के शेयर को सबसे ज्यादा करीब 1.30 फीसदी का नुकसान उठाना पड़ा. अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) का भाव भी दो फीसदी से ज्यादा नीचे आया. अडानी विल्मर (Adani Wilmar) और अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) में 1-1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई. पिछले दो दिनों से इनके ऊपर अपर सर्किट लग रहा था. अडानी पावर (Adani Power) के शेयर भी नुकसान के साथ बंद हुए.

सभी शेयरों का प्रदर्शन:

कंपनी का नामआज का बंद भाव (बीएसई पर, रुपये में)बदलाव (फीसदी में)
एनडीटीवी187.00-2.81
अडानी एंटरप्राइजेज1847.302.50
अडानी ग्रीन942.800.02
अडानी पोर्ट्स657.500.56
अडानी पावर192.45-0.75
अडानी ट्रांसमिशन1042.75-1.08
अडानी विल्मर412.20-1.08
अडानी टोटल गैस938.00-1.56
एसीसी1758.251.25
अंबुजा सीमेंट396.103.08

ये भी पढ़ें: मेड इन इंडिया आईफोन का जलवा, चार गुणा बढ़ा पिछले वित्त वर्ष में निर्यात