Adani Share Price: अडानी समूह के लिए शेयर बाजार में अच्छे प्रदर्शन का दौर जारी है. शेयर बाजार में सप्ताह का लगातार दूसरा दिन समूह के लिए बढ़िया साबित हुआ. मंगलवार का कारोबार समाप्त होने के बाद अडानी समूह के शेयरों (Adani Group Stocks) में से ज्यादातर फायदे में रहे, जबकि समूह के तीन शेयरों पर आज भी अपर सर्किट (Adani Stocks Upper Circuit) लग गया.

इतने शेयरों में आई तेजी

इससे पहले सोमवार को अडानी समूह के सभी 10 शेयर बढ़त लेकर बंद हुए थे. हालांकि आज का दिन उतना अच्छा नहीं रहा, लेकिन समूह के 10 में से 07 शेयरों ने तेजी के साथ कारोबार को बंद किया. अडानी के तीन शेयरों पर तो आज भी अपर सर्किट का दौर जारी रहा, जबकि दो शेयरों में मामूली गिरावट देखी गई. सिर्फ एक स्टॉक को ही कुछ नुकसान उठाना पड़ा.

इन तीनों पर अपर सर्किट

समूह के फ्लैगशिप शेयर अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) में आज मामूली तेजी आई. अडानी पोर्ट्स (Adani Ports), अडानी विल्मर (Adani Wilmar) और और अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement) के शेयर हल्की तेजी के साथ बंद हुए. वहीं समूह के तीन शेयरों अडानी ग्रीन (Adani Green), अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) और अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) पर अपर सर्किट लग गया. इन तीनों शेयरों पर कल भी अपर सर्किट लगा था.

इस शेयर को सबसे ज्यादा नुकसान

दूसरी ओर एनडीटीवी (NDTV) के शेयर को सबसे ज्यादा करीब 1.30 फीसदी का नुकसान उठाना पड़ा. अडानी पावर (Adani Power) और एसीसी सीमेंट (ACC Cement) के शेयरों के भाव में भी हल्की-फुल्की गिरावट देखने को मिली.

सभी शेयरों का प्रदर्शन:

कंपनी का नामआज का बंद भाव (बीएसई पर, रुपये में)बदलाव (फीसदी में)
एनडीटीवी192.40-1.28
अडानी एंटरप्राइजेज1802.300.28
अडानी ग्रीन942.655.00
अडानी पोर्ट्स653.850.30
अडानी पावर193.90-0.05
अडानी ट्रांसमिशन1054.105.00
अडानी विल्मर416.701.72
अडानी टोटल गैस952.905.00
एसीसी1736.20-0.25
अंबुजा सीमेंट384.250.04

 

अडानी ने दिया ये हिसाब

अडानी समूह ने सोमवार को एक बयान जारी कर पिछले चार साल के दौरान जुटाई गई फंडिंग का हिसाब दिया था. समूह ने बताया था कि साल 2019 से अब तक उसे अपनी कंपनियों में हिस्सेदारी बेचने से 2.87 बिलियन डॉलर मिले हैं और इनमें से 2.55 बिलियन डॉलर को विभिन्न व्यवसायों में लगाया जा चुका है.

कंपनी पर लग रहे थे आरोप

अडानी समूह ने विदेशी अखबार फाइनेंशियल टाइम्स की एक हालिया रिपोर्ट और देश में चल रहे राजनीतिक विवादों को लेकर यह जानकारी दी थी. फाइनेंशियल टाइम्स की एक खबर में कहा गया था कि अडानी समूह को जो प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्राप्त हुए हैं, उनमें से ज्यादातर गौतम अडानी परिवार से जुड़ी विदेशी कंपनियों के जरिए आए हैं. वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार आरोप लगा रहे हैं कि अडानी समूह को शेल कंपनियों से 20 हजार करोड़ रुपये मिले हैं.

अडानी समूह ने किया खारिज

अडानी समूह ने इसे लेकर कहा है कि प्रवर्तकों ने अडानी ग्रीन एनर्जी की 20 फीसदी हिस्सेदारी टोटल एनर्जीज को बेचकर जनवरी 2021 में 2 बिलियन डॉलर जुटाया. उससे पहले प्रवर्तकों ने टोटल एनर्जीज को अडानी टोटल गैस की 37.4 फीसदी हिस्सेदारी बेचकर 783 मिलियन डॉलर फंड जुटाया. टोटल एनर्जीज ने निवेश करने के लिए प्रवर्तकों के विदेशी निवेश निकायों को खरीदा. विदेश में प्राप्त हुए उसी फंड को समूह की कंपनियों में लगाया गया, जिसे कुछ लोग अब शेल कंपनियों से आया पैसा बता रहे हैं.

ये भी पढ़ें: ब्रिटेन ही नहीं, इन देशों के साथ भी जारी है बातचीत... वित्त मंत्री ने दी जानकारी