नई दिल्ली: सिंडिकेट बैंक और सिटी इंडिया सहित 4 और बैंकों ने बेंचमार्क लोन रेट्स में आज एक फीसदी तक की कटौती की है. सार्वजनिक क्षेत्र के सिंडिकेट बैंक ने एक साल की अवधि की कोष की सीमान्त लागत (एमसीएलआर) आधारित लोन की दरों को 0.7 फीसदी घटाकर 8.75 फीसदी कर दिया है. बैंक ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में यह जानकारी दी. बैंक ने एक महीने की एमसीएलआर को 1 फीसदी घटाकर 9.35 फीसदी से 8.35 फीसदी कर दिया है. वहीं 6 महीने की एमसीएलआर को 0.8 फीसदी घटाकर 8.60 फीसदी किया गया है.
सार्वजनिक क्षेत्र के एक अन्य बैंक इंडियन ओवरसीज बैंक ने भी अपनी बेंचमार्क लोन की दरोंमें कटौती की है. इसके बाद बैंक की एक साल की एमसीएलआर घटकर 8.65 फीसदी रह गई है. नई दरें कल से प्रभावी होंगी. निजी क्षेत्र के कोटक बैंक ने भी अपनी न्यूनतम कर्ज की दरों को 0.1 फीसदी घटाकर 9.3 फीसदी कर दिया है.
विदेशी कर्जदाता सिटी इंडिया ने अपने होम लोन पर ब्याज दर में 0.7 फीसदी की कटौती की है. सिटी इंडिया ने बयान में कहा कि बैंक की होम लोन की दर 9.50 से घटकर 8.80 फीसदी हो गई है. नई दर 9 जनवरी से प्रभावी होगी.
इसके अलावा सार्वजनिक क्षेत्र के सिंडिकेट बैंक ने मानक ब्याज दरों में 1 फीसदी तक की आज कटौती कर दी है. सिंडिकेट बैंक ने शेयर बाजारों को दी सूचना में कहा कि बैंक ने एक साल के कर्ज पर कोष की सीमांत लागत आधारित ब्याज दर (एमसीएलआर) 0.7 फीसदी कम कर 8.75 फीसदी कर दिया. मानक दर में कमी मकान, कार और एमसीएलआर से संबद्ध अन्य कर्ज सस्ते होंगे.
बैंक ने एक माह की अवधि के लिये एमसीएलआर एक फीसदी कम कर 8.35 फीसदी कर दिया है जो पहले 9.35 फीसदी थी. वहीं छह महीने के लिये मानक ब्याज दर 0.8 फीसदी कम कर 8.60 फीसदी कर दिया गया है.