पहाड़ी रास्तों या किसी भी ढलान वाली जगह पर गाड़ी चलाना जितना चुनौतिपूर्ण होता है, उतना ही मुश्किल वहां गाड़ी पार्क करना भी होता है. कई बार लोग मैदानी इलाकों की तरह ढलान पर भी सामान्य तरीके से कार खड़ी करके चले जाते हैं, जो बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. जरा सी लापरवाही या एक छोटी सी चूक आपकी लाखों की कार को कबाड़ में बदल सकती है और दूसरों की जान को भी जोखिम में डाल सकती है. ढलान पर गुरुत्वाकर्षण के कारण गाड़ी के नीचे लुढ़कने का डर हमेशा बना रहता है. आइए जानते हैं कि ढलान पर कार पार्क करते समय किन बड़ी गलतियों से बचना बेहद जरूरी है.
केवल हैंडब्रेक के भरोसे गाड़ी छोड़ना सबसे बड़ी भूल
ज्यादातर ड्राइवरों की यह आदत होती है कि वे कार को न्यूट्रल करके केवल हैंडब्रेक खींचते हैं और निश्चिंत हो जाते हैं. हालांकि, ढलान पर केवल हैंडब्रेक के भरोसे गाड़ी छोड़ना सबसे बड़ी गलती है. समय के साथ कार की हैंडब्रेक केबल ढीली हो जाती है या ब्रेक पैड घिस जाते हैं. ऐसे में यदि ढलान का झुकाव ज्यादा है तो हैंडब्रेक गाड़ी का पूरा वजन नहीं संभाल पाता और ब्रेक फेल होने का खतरा बढ़ जाता है.
टायर को सीधा रखना बढ़ा देता है खतरा
ढलान पर कार खड़ी करते समय कभी भी स्टीयरिंग व्हील और टायरों को बिल्कुल सीधा नहीं छोड़ना चाहिए. यदि किसी तकनीकी खराबी के कारण कार के ब्रेक फेल होते हैं, तो सीधी खड़ी गाड़ी सीधे नीचे की ओर भागेगी और बड़े हादसे का कारण बनेगी.
इससे बचने के लिए चढ़ाई पर कार पार्क करते समय स्टीयरिंग को सड़क के बीच की तरफ घुमा दें, ताकि टायर फुटपाथ की तरफ मुड़ जाएं. वहीं अगर आप ढलान पर नीचे की ओर पार्क कर रहे हैं, तो टायरों को फुटपाथ की तरफ घुमा कर रखें. ऐसा करने से यदि गाड़ी लुढ़कती भी है, तो वह सड़क पर जाने के बजाय फुटपाथ से टकराकर वहीं रुक जाएगी.
गियर का सही चयन न करना
मैनुअल कार चलाने वाले कई लोग ढलान पर कार खड़ी करते समय गलत गियर का चुनाव कर लेते हैं. नियम के मुताबिक, अगर आपकी कार का मुंह चढ़ाई की तरफ है, तो आपको हैंडब्रेक के साथ कार को 1st Gear में डालना चाहिए.
इसके विपरीत, यदि कार का मुंह ढलान की तरफ है, तो कार को हमेशा 'रिवर्स गियर में लगाना चाहिए. गियर में गाड़ी खड़ी करने से इंजन का कंप्रेशन पहियों को घूमने से रोकता है, जो एक एक्स्ट्रा सेफ्टी लेयर की तरह काम करता है. वहीं ऑटोमैटिक कारों में गाड़ी को हमेशा 'P' Park मोड पर ही छोड़ना चाहिए.
यह भी पढ़ें: संकरी गलियों में पहुंचेगी मदद, DRDO ने बनाई खास Bike Ambulance
व्हील चोक या ईंट का इस्तेमाल न करना
यदि आपको बहुत ज्यादा तीखी ढलान या पहाड़ी रास्ते पर कार पार्क करनी पड़ रही है, तो केवल गियर और ब्रेक पर निर्भर रहना समझदारी नहीं है. ऐसी जगहों पर हमेशा गाड़ी के टायरों के पीछे या आगे व्हील चोक या भारी पत्थर और ईंट का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए.
अगर कार नीचे की तरफ ढलान पर है, तो आगे के टायरों के आगे पत्थर लगाएं और अगर चढ़ाई पर है, तो पीछे के टायरों के पीछे पत्थर लगाएं. यह छोटा सा देसी जुगाड़ किसी भी बड़े मैकेनिकल फेलियर के समय आपकी कार को खाई में गिरने या दुर्घटनाग्रस्त होने से पूरी तरह बचा सकता है.
यह भी पढ़ें: Sorento vs Innova Hycross, कीमत से लेकर EMI तक पूरा हिसाब
Car loan Information:
Calculate Car Loan EMI