भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की डिमांड बहुत तेजी से बढ़ रही है. इसी बीच दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी BMW Motorrad ने भारत में एक ऐसा अनोखा इलेक्ट्रिक स्कूटर पेटेंट कराया है, जो आने वाले समय में दोपहिया वाहनों की परिभाषा को पूरी तरह बदल सकता है. इस नए कॉन्सेप्ट स्कूटर का नाम BMW Vision CE है. इस स्कूटर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पूरी तरह से सेल्फ-बैलेंसिंग तकनीक से लैस है, यानी इसे खड़ा रखने के लिए राइडर को पैर जमीन पर टिकाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

Continues below advertisement

ट्रैफिक में पैर नीचे रखने का झंझट खत्म

आमतौर पर जब हम भीड़भाड़ वाले इलाके या ट्रैफिक सिग्नल पर स्कूटर लेकर रुकते हैं, तो गाड़ी का संतुलन बनाए रखने के लिए हमें अपने पैर जमीन पर रखने पड़ते हैं. लेकिन BMW Vision CE के साथ ऐसा नहीं होगा. इस स्कूटर में एडवांस सेंसर्स और इलेक्ट्रिक एक्ट्यूएटर्स का इस्तेमाल किया गया है. जब यह स्कूटर किसी जगह पर पूरी तरह रुक जाएगा, तब भी यह तकनीक स्कूटर को सीधा खड़ा रखेगी. इससे राइडर को बार-बार पैर नीचे रखने की झंझट से मुक्ति मिलेगी और सफर काफी आरामदायक हो जाएगा.

न हेलमेट की जरूरत, न राइडिंग गियर की

कंपनी का दावा है कि इस स्कूटर को चलाने के लिए राइडर को हेलमेट, ग्लव्स या भारी-भरकम राइडिंग गियर पहनने की जरूरत नहीं होगी. सुरक्षा के लिए इसमें एक मजबूत प्रोटेक्टिव केज दिया गया है, जो राइडर को चारों तरफ से कवर करता है.

Continues below advertisement

इसके साथ ही स्कूटर में फोर-पॉइंट सीटबेल्ट भी लगाई गई है, जो किसी भी दुर्घटना या टक्कर की स्थिति में राइडर को सीट पर सुरक्षित बांध कर रखेगी. हालांकि, भारत की सड़कों पर इसे बिना हेलमेट चलाने की अनुमति मिलेगी या नहीं, यह पूरी तरह से भारतीय ट्रैफिक नियमों और सरकारी मंजूरियों पर निर्भर करेगा.

स्टैंड की भी नहीं होगी जरूरत

यह स्कूटर बिना किसी स्टैंड के भी दो पहियों पर बिल्कुल सीधा खड़ा रह सकता है. फिर भी, कंपनी ने इसमें एक पारंपरिक स्टैंड दिया है. इसका कारण यह है कि जब स्कूटर को लंबे समय के लिए कहीं पार्क किया जाएगा, तो इसका सेल्फ-बैलेंसिंग सिस्टम अपने आप बंद हो जाएगा. ऐसा इसलिए किया गया है ताकि स्कूटर की बैटरी फालतू खर्च न हो और इसके पार्ट्स पर ज्यादा दबाव न पड़े. जैसे ही राइडर स्कूटर को दोबारा ऑन करेगा, यह सिस्टम फिर से एक्टिवेट हो जाएगा और स्कूटर खुद को बैलेंस कर लेगा.

यह भी पढ़ें: Renault Duster Hybrid vs Rivals, कीमत और माइलेज में कौन आगे?

कार जैसी सेफ्टी और फीचर्स की उम्मीद

BMW Vision CE को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि यह राइडर को दोपहिया वाहन में भी कार जैसी सुरक्षा और आराम दे सके. इस प्रीमियम स्कूटर में रियर-फेसिंग रडार और ड्राइवर-असिस्टेंस जैसे आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स फीचर्स मिल सकते हैं. यह रडार पीछे से आने वाले वाहनों पर नजर रखेगा और टक्कर की आशंका होने पर राइडर को पहले ही अलर्ट कर देगा. इसके अलावा, इसमें दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक और एक दमदार मिड-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर देखने को मिल सकती है.

कब तक होगा लॉन्च?

BMW Motorrad ने वैश्विक स्तर पर पहली बार इस कॉन्सेप्ट को EICMA मोटर शो में प्रदर्शित किया था. अब भारत में इसका डिजाइन पेटेंट होने से यह साफ है कि कंपनी भारतीय बाजार को लेकर काफी गंभीर है और यहां की संभावनाओं को खुला रखना चाहती है.

हालांकि, ऑटो एक्सपर्ट्स का कहना है कि सिर्फ पेटेंट फाइल होने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि यह स्कूटर बहुत जल्द भारतीय सड़कों पर दौड़ता हुआ दिखेगा. BMW ने अभी तक इसके प्रोडक्शन, अंतिम स्पेसिफिकेशन्स या भारत में लॉन्चिंग की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. भविष्य में जब इसका प्रोडक्शन मॉडल सामने आएगा, तभी इसकी वास्तविक रेंज और कीमत का सही खुलासा हो पाएगा.

यह भी पढ़ें: बॉलीवुड में किस सितारे के पास है सबसे सुरक्षित कार? चौंका देगा नाम


Car loan Information:

Calculate Car Loan EMI