Farmers Safety Tips: झारखंड के बोकारो में जंगली हाथियों के झुंड ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. यहां करीब 35 हाथियों के झुंड ने खेतों में घुसकर लगभग 10 एकड़ में लगी धान की फसल रौंद दी. हाथियों के आने से किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया. जंगल के आसपास खेती करने वाले किसानों के सामने ऐसी परेशानी अक्सर आती है. 

Continues below advertisement

ऐसे में हाथी खेत में घुस जाए तो फसल बचाने की चिंता में कई लोग उसे खुद भगाने पहुंच जाते हैं. लेकिन ऐसा करना जानलेवा हो सकता है. हाथी ताकतवर जंगली जानवर है और डरने या गुस्सा होने पर हमला भी कर सकता है. ऐसे में किसान क्या करें और अपनी सुरक्षा कैसे करें?

हाथी खेत में घुस जाए तो सबसे पहले क्या करें?

Continues below advertisement
  • अगर खेत में हाथियों का झुंड दिखाई दे, तो सबसे पहले उससे दूरी बना लें. 
  • हाथियों के पास जाने, उन्हें घेरने या उनके रास्ते में खड़े होने की कोशिश बिल्कुल न करें. 
  • खेत में काम कर रहे दूसरे लोगों और आसपास के ग्रामीणों को भी इसकी जानकारी दें. 
  • बच्चों और बुजुर्गों को उस जगह से दूर रखें. 

अगर हाथी घर या गांव के पास पहुंच गए हैं, तो सुरक्षित जगह पर रहें और वन विभाग को तुरंत सूचना दें. 

हाथियों को भगाने के लिए ये गलतियां न करें

कई बार किसान फसल बचाने के लिए हाथियों पर पत्थर फेंकते हैं, पटाखे जलाते हैं या तेज आवाज करके उन्हें डराने की कोशिश करते हैं. लेकिन ऐसा करने से हाथी भड़क सकते हैं और हमला कर सकते हैं. उनके पास जाकर फोटो या वीडियो बनाना भी खतरनाक है. खासकर अगर झुंड में छोटे बच्चे हों, तो मादा हाथी ज्यादा सतर्क हो सकती है. इसलिए हाथियों को खुद भगाने या उनके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश न करें. 

हाथी दिखने पर तुरंत वन विभाग को दें सूचना

अगर हाथियों का झुंड खेत या गांव में आ जाए, तो नजदीकी वन विभाग कार्यालय, वनरक्षक या रेंज अधिकारी को इसकी जानकारी दें. उन्हें बताएं कि, हाथी किस जगह हैं, उनकी संख्या कितनी है और वे किस दिशा में जा रहे हैं. वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधि पर नजर रखकर उन्हें सुरक्षित तरीके से आबादी वाले इलाके से दूर ले जाने का काम करती है. बोकारो के वन विभाग में भी हाथियों की आवाजाही पर नजर रखने और ऐसे मामलों में मदद के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम यानी QRT काम करती है.

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में सरकार दे रही 5000 रुपये, आज ही निपटाएं ये काम वरना नहीं आएगा पैसा

हाथियों से फसल बचाने के लिए क्या करें?

जिन गांवों में हाथियों का आना-जाना लगा रहता है, वहां किसानों को पहले से सतर्क रहना चाहिए. गांव के लोगों के बीच हाथियों की जानकारी साझा करने के लिए समूह बनाया जा सकता है. शाम और रात के समय खेतों में अकेले जाने से बचें. हाथियों की आवाजाही की सूचना मिलते ही वन विभाग की सलाह मानें. खेतों के आसपास अवैध बिजली के तार या करंट वाले बाड़ लगाने से बचें, क्योंकि इससे इंसानों और हाथियों दोनों की जान जा सकती है.

फसल बर्बाद हो जाए तो मुआवजे के लिए करें संपर्क

  • अगर हाथियों ने धान या दूसरी फसल को नुकसान पहुंचाया है, तो इसकी जानकारी जल्द वन विभाग को दें. 
  • खेत में हुए नुकसान की तस्वीरें लें, लेकिन ऐसा केवल सुरक्षित दूरी से करें. 
  • अधिकारियों से फसल नुकसान का जायजा लेने और मुआवजे की प्रक्रिया के बारे में जानकारी मांगें. 
  • वन विभाग के मुताबिक, हाथियों से हुए नुकसान पर नियमों के अनुसार प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जाता है. 

यह भी पढ़ें: किसानों को 15000 प्रति एकड़ देगी सरकार, बस पूरी करनी होगी ये शर्त