मिर्च के पौधे की पत्तियां अगर अचानक मुड़ने या सिकुड़ने लगें तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. कई बार मिर्च के पौधे को सही मात्रा में पानी नहीं मिलने पर ऐसा होता है, और कुछ छोटे कीड़े भी मिर्च की पत्तियों को नुकसान पहुंचा सकते हैं. ज्यादा गर्मी, बहुत ज्यादा पानी और मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी भी इसकी वजह बन सकती है. इसलिए मिर्च के पौधे में पत्तियां मुड़ते ही पहले यह देखना जरूरी है कि पौधे में किस तरह की परेशानी दिखाई दे रही है. आइए जानते हैं कि मिर्च के पत्ते क्यों मुड़ते हैं और इसे कैसे ठीक किया जा सकता है.

Continues below advertisement

पानी की कमी भी हो सकती है वजह

अगर मिर्च के पौधे को कई दिनों तक सही मात्रा में पानी नहीं मिलता है तो उसकी पत्तियां नीचे की तरफ मुड़ने लग जाती हैं. अगर पौधे की मिट्टी सूखी दिखाई देने लगे और पौधा थोड़ा मुरझाया हुआ लगे तो पानी की कमी इसकी वजह हो सकती है. ऐसे में पौधे को एक साथ बहुत ज्यादा पानी देने के बजाय मिट्टी की नमी देखकर पौधे के जरूरत अनुसार पानी दें.

पत्तियों के नीचे देखें छोटे कीड़े

कई बार पत्तियां मुड़ने की वजह छोटे कीड़े भी होते हैं. मिर्च के पौधे में माहू, सफेद मक्खी और थ्रिप्स जैसे कीट नई पत्तियों को नुकसान पहुंचाते हैं. अगर पत्तियों के नीचे छोटे-छोटे कीड़े दिखाई दें, पत्तियों पर चिपचिपापन हो या नई पत्तियां सिकुड़ने लगें तो कीटों की जांच  जरूर करें. कीड़े ज्यादा होने पर पौधे पर कीटनाशक दवाईयों का छिडकाव करें.

Continues below advertisement

यह भी पढ़े : छिड़काव करते वक्त किसान के मुंह में चला गया जहरीला घोल? तुरंत करें ये काम

बहुत ज्यादा पानी भी नुकसान कर सकता है

पौधे को पानी की कमी से बचाना जरूरी है, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी देना भी सही नहीं है. गमले की मिट्टी में लगातार पानी जमा रहने से जड़ों को नुकसान होता है. इसकी वजह से पौधा कमजोर पड़ जाता है और पत्तियां भी खराब दिखने लगती हैं. इसलिए गमले के नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर होने चाहिए. पानी देने से पहले ऊपर की मिट्टी को छूकर उसकी नमी देख लें.

तेज गर्मी में भी मुड़ सकती हैं पत्तियां

बहुत ज्यादा गर्मी और तेज धूप के कारण भी मिर्च की पत्तियां कुछ समय के लिए मुड़ सकती हैं. खासकर गमले में लगे पौधों पर इसका असर जल्दी दिखाई देता है. अगर दोपहर में पत्तियां मुड़ती हैं और शाम को मौसम ठंडा होने पर फिर सामान्य हो जाती हैं, तो तेज गर्मी इसकी वजह हो सकती है. ऐसे में पौधे को सुबह की धूप मिलने दें और दोपहर की बहुत तेज धूप से थोड़ी सुरक्षा दें.

पौधे को सही पोषण दें

मिट्टी में जरूरी पोषक तत्वों की कमी होने पर भी मिर्च के पौधे की बढ़त प्रभावित हो सकती है. अगर पत्तियां लगातार पीली पड़ रही हैं और पौधा कमजोर दिखाई दे रहा है तो मिट्टी की गुणवत्ता पर ध्यान दें. समय-समय पर अच्छी तरह सड़ी हुई जैविक खाद या कंपोस्ट डाल सकते हैं. खाद जरूरत से ज्यादा न डालें, क्योंकि अधिक खाद भी पौधे की जड़ों को नुकसान पहुंचा सकती है.

पहले कारण समझें, फिर उपाय करें

मिर्च के पत्ते मुड़ने पर तुरंत कोई दवा डालने के बजाय पहले पौधे को ध्यान से देखें. मिट्टी सूखी है, कीड़े दिखाई दे रहे हैं या पौधे को बहुत तेज धूप मिल रही है, इन बातों की जांच करें. सही कारण पता चलने के बाद ही उपाय करें. नियमित पानी, पर्याप्त रोशनी, अच्छी मिट्टी और कीटों पर नजर रखकर मिर्च के पौधे को स्वस्थ रखा जा सकता है.

यह भी पढ़े : घर पर तैयार करें 5 तरह की खाद, किचन गार्डनिंग के लिए हैं बेस्ट