RG Kar Case: दोषी Sanjay Roy की सजा पर सियालदाह कोर्ट में सुनवाई जारी | West Bengal News
RG Kar Rape And Murder: कोलकाता की एक विशेष अदालत सोमवार (20 जनवरी) को सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ रेप-हत्या के मामले में दोषी सिविक वालंटियर संजय रॉय को सजा सुनाएगी. ट्रेनी महिला डॉक्टर का शव अगस्त 2024 में कोलकाता के अस्पताल परिसर में मिला था. विशेष अदालत के न्यायाधीश अनिर्बान दास ने 18 जनवरी को रॉय को दोषी ठहराया था. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को दोपहर लगभग 12 बजे विशेष अदालत की कार्यवाही शुरू होगी. शुरुआत में न्यायाधीश रॉय और पीड़िता के माता-पिता को मामले पर अपना अंतिम बयान देने की अनुमति देंगे. इसके बाद विशेष अदालत के न्यायाधीश मामले में सजा सुनाएंगे. मिल सकती है मृत्युदंड की सजा न्यायाधीश ने 18 जनवरी को पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि इस मामले में अधिकतम सजा 'मृत्युदंड', जबकि कम से कम सजा आजीवन कारावास हो सकती है. हालांकि, बलात्कार और हत्या के अपराध के मामले में रॉय के खिलाफ सजा की प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो जाएगी. लेकिन मामले में सबूतों से 'छेड़छाड़' और 'बदलाव' के संबंध में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की जांच अभी भी जारी रहेगी.




























