Rajasthan News: Bikaner में भयंकर सड़क हादसा, सीसीटीवी वीडियो रोंगटे कर देगा खड़े | Road Accident
राजस्थान के बीकानेर में एक ऐसा सड़क हादसा हुआ है, जिसका सीसीटीवी वीडियो रोंगटे खड़े कर देने वाला है। मौत कब, कहां व किस शक्ल में आ जाती है और कैसे किसी को यमराज के बेहद नजदीक पहुंचने के बावजूद जिंदगी मिल जाती है, यह इस सीसीटीवी में साफ नजर आ रहा है। यह घटना बृहस्पतिवार को दोपहर करीब 2:00 बजे बीकानेर के रिडमलसर चौराहे की है। सीसीटीवी में साफ नजर आ रहा है कि एक पिकअप वैन रोड क्रॉस कर दूसरी तरफ जा रही है। बगल की सड़क से आ रही तेज रफ्तार ट्रेलर पहले उसे टक्कर मारती है फिर उसे अपने साथ घसीटते हुए काफी दूर तक ले जाती है। टक्कर इतनी जबर्दस्त होती है कि पिकअप वैन के टायर और दूसरे हिस्से निकल कर हवा में उड़ते हुए दिखाई देते हैं। पिकअप वैन को अपने साथ घसीटते हुए ट्रेलर एक दुकान में घुस जाता है। दुकान के बाहर एक शख्स बाइक पर बैठा हुआ होता है। ट्रेलर और पिकअप वैन उसके ठीक बगल से होकर दुकान में घुसता है। हालांकि बाइक पर बैठा युवक पूरी तरह सुरक्षित रहता है। मौत उसके बगल से गुजर जाती है, लेकिन उसे कोई नुकसान नहीं होता। इस हादसे में पिकअप वैन पर सवार शख्स की मौत हो जाती है, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो जाता है। ट्रेलर के ड्राइवर और क्लीनर को भी चोट आई हुई है। यह सीसीटीवी अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल भी हो रहा है।




























