AI SILVER CONNECTION: सोना तो बस नाम का है! असली खेल चांदी में, AI से जुड़ा बड़ा राज |ABPLIVE
सोने की कीमत जब बढ़ती है तो हर किसी की नजर उस पर जाती है। लेकिन इस वक्त बाजार में एक और धातु है, जिसकी कीमत और मांग दोनों तेजी से चर्चा में हैं चांदी। दिलचस्प बात ये है कि चांदी की इस तेजी के पीछे सिर्फ गहने, सिक्के या निवेश की कहानी नहीं है। इसके पीछे एक ऐसी टेक्नोलॉजी है, जिसके बारे में आज हर कोई बात कर रहा है आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई। आप चैटजीपीटी पर सवाल पूछते हैं, कुछ ही सेकंड में जवाब मिल जाता है। तस्वीर बनानी हो, वीडियो तैयार करना हो या किसी मुश्किल सवाल का जवाब चाहिए हो, एआई ये सब कर रहा है। लेकिन आपके फोन या कंप्यूटर पर दिखाई देने वाले इस पूरे खेल के पीछे हजारों-लाखों मशीनें लगातार काम कर रही हैं। और ये मशीनें जहां रखी जाती हैं, उन्हें डेटा सेंटर कहा जाता है। अब यही डेटा सेंटर चांदी की मांग बढ़ाने की एक बड़ी वजह बनते जा रहे हैं। पहले थोड़ा सोने और चांदी का फर्क समझ लेते हैं। सोने को सदियों से दौलत और सुरक्षित निवेश के तौर पर देखा गया है। राजा-महाराजाओं के खजाने से लेकर आज के केंद्रीय बैंकों के रिजर्व तक, सोने की अपनी अलग जगह रही है। भारत में तो शादी-ब्याह से लेकर त्योहारों और धार्मिक परंपराओं तक सोने का इस्तेमाल होता आया है। चांदी की कहानी थोड़ी अलग रही है। इसे अक्सर सोने के मुकाबले कम कीमत वाली धातु माना गया। लेकिन अब चांदी का इस्तेमाल सिर्फ गहनों या बर्तनों तक सीमित नहीं है। इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और दूसरी आधुनिक तकनीकों में भी इसका इस्तेमाल बढ़ रहा है। और अब एआई की दुनिया भी इस लिस्ट में तेजी से जुड़ रही है






















