कावड़ियों पर चढ़ा देश भक्ति का रंग, तिरंगामई हुई कांवड़ यात्रा
कांवड़ यात्रा का महापर्व शुरू होते ही लोगों में भक्ति के साथ देश भक्ति की अविरल धारा भी बह चली है. भोलेनाथ के भगवा रंग के साथ ही शिव भक्त कांवड़ियों में देश के प्रति भी अलग प्यार दिखाई दे रहा है. युवाओं में देश भक्ति का जज्बा पूरे चरम पर है.
शामली में आजकल शिवभक्तों का सैलाब सड़कों पर उमड़ा हुआ है. यूं तो हर कांवड़ यात्रा में कुछ इसी तरह केसरिया पहने शिवभक्तों का सैलाब दिखता है लेकिन इस बार शिवभक्ति में डूबे कांवड़िए देशभक्ति से ओत प्रोत नजर आ रहे हैं. हर तरफ लाखों कांवड़िए तिरंगा लेकर चल रहे हैं. किसी ने हाथों में तिरंगा ले रखा है तो किसी ने अपनी गाड़ी पर तिरंगा लगा रखा है.
इतना ही नहीं कुछ जोशीले युवा अपने माथे पर तिरंगा रूपी गमछा बांधकर और हाथ में तिरंगा लेकर उसी तरह से चलते जा रहे हैं जिस प्रकार आजादी के समय देश पर जान न्यौछावर करने वाले देश के मतवाले चला करते थे.
कांवड़ पर तिरंगा लहराने के पीछे प्रदेश सरकार का यह आदेश भी युवाओं में जोश भर रहा है. शामली जनपद से प्रतिवर्ष लगभग बीस लाख से ज्यादा कांवड़िए गुजरते हैं. इस बार कांवड़ियों का जोश देखते ही बन रहा है.
शिव भक्तों की कांवड़ पर तिरंगा लहरा रहा है. कांवड़ यात्रा पूरी तरह से तिरंगामयी हो चली है. क्योंकि हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आने वाली हर दूसरी कांवड़ पर तिरंगा लहरा रहा है.
पिछली सरकारों द्वारा जहां एक तरफ कांवड़ यात्रा शुरू होने पर डीजे पर प्रतिबंध लगा दिया जाता था वहीं, इस बार प्रदेश में बीजेपी की योगी सरकार ने एलान कर कहा कि इस बार डीजे पर कोई रोक नहीं रहेगी.