तस्वीरें: दुर्गा अष्टमी पर देवी मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शक्तिपीठ कल्याणी देवी मंदिर में तो भक्तों की इतनी भीड़ जमा है, कि वहां तिल रखने की भी जगह नहीं है. यहां आने वाली महिला श्रद्धालु देवी गीत गा रही हैं. देवी मां को नारियल - चुनरी व सिंदूर चढ़ा रही हैं और उनके नाम के दीपक जला रही हैं. इस मौके पर मंदिरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए हैं.
नवरात्र की अष्टमी पर इलाहाबाद के शक्तिपीठों व देवी मंदिरों को ख़ूबसूरती से सजाया गया है. सुबह ब्रह्म मुहूर्त में श्रृंगार व आरती के बाद से ही देवी मंदिरों के कपाट भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिए गए हैं.
मान्यता यह भी है कि जो लोग किन्ही कारणों से नवरात्र के सभी नौ दिनों तक व्रत या पूजन - अर्चन नहीं कर पाते, उन्हें आज के दिन पूजा करने से सभी नौ दिनों का पुण्य फल प्राप्त होता है.
इन मंदिरों में लोग देवी माँ के दर्शन - पूजन कर उनसे अपनी कामनाएं पूरी होने का आशीर्वाद ले रहे हैं. अष्टमी पर देवी मंदिरों में कन्याओं की पूजा भी की जा रही है.
शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर संगम नगरी इलाहाबाद के देवी मंदिरों में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है. शक्तिपीठों और देवी मंदिरों में महागौरी स्वरुप में देवी माँ का भव्य श्रृंगार किया गया है. अष्टमी पर देवी माँ के दर्शन और पूजन के लिए मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है.
पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक़ महागौरी स्वरुप में देवी मां अपने भक्तों का कल्याण करती हैं. अष्टमी पर देवी माँ की पूजा करने वाली युवतियों को उनकी पसंद का वर मिलता है जबकि सुहागिनों को संतान की प्राप्ति होती है.
शक्तिपीठ अलोप शंकरी मंदिर के साथ ही कल्याणी देवी, ललिता देवी व दूसरे देवी मंदिरों में सूरज की पहली किरण निकलने से पहले ही श्रद्धालुओं की लम्बी लाइन लगी हुई है.