प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के धार जिले से महिलाओं को प्रेग्‍नेंसी, प्रसव और महामारी जैसी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए एक बड़ा डिजिटल कदम उठाते हुए सुमन सखी चैटबॉट लॉन्च किया है. एआई तकनीक पर आधारित यह चैटबॉट प्रेग्‍नेंसी से लेकर पीरियड्स तक सभी स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी देगा. सुमन सखी चैटबॉट को महिलाओं की डिजिटल दीदी भी कहा जा रहा है. यह चैटबॉट हिंदी भाषा में 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. खासतौर पर ग्रामीण और दूर के इलाकों की महिलाओं को समय पर जानकारी देने में यह मदद करेगा. इस चैटबॉट के जरिए महिलाएं 9770905942 नंबर पर व्हाट्सएप मैसेज भेज कर बातचीत शुरू कर सकती है. इस नंबर पर महिलाओं को बस नमस्कार या प्रश्न पूछना चाहती हूं लिखने पर चैटबॉट मेनू उपलब्ध हो जाएगा. जिसमें प्रेगनेंसी जांच, खतरे के संकेत, नवजात शिशु की देखभाल, पीर‍ियड से जुड़ी समस्याएं और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जैसी जानकारियां दी जाएगी.

क्यों खास है सुमन सखी चैटबॉट?

सुमन सखी चैटबॉट देश का पहला राज्य स्तरीय एआई चैटबॉट है, जो महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण पर केंद्रित है. इसके माध्यम से महिलाओं को सरकारी योजनाओं, परिवार नियोजन और टीकाकरण जैसी सेवाओं की जानकारी भी तुरंत मिल जाएगी. वहीं इस चैटबॉट की खास बात यह है कि यह पूरी तरह गोपनीय होगा, जिससे महिलाएं बिना झिझक अपनी समस्याएं शेयर कर पाएगी.

NHM और MPSeDC की पहल

सुमन सखी चैटबॉट को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और मध्य प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने मिलकर विकसित किया है. शुरुआत में इसे कुछ चुनिंदा जिलों में लागू किया जाएगा और फिर धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में इसे लागू कर दिया जाएगा. पीएम मोदी ने इस चैटबॉट को लॉन्च करते हुए कहा कि यह चैटबॉट मातृ शिशु मृत्यु दर को कम करने और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में मददगार साबित होगा. साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत देशभर के 10 लाख से ज्यादा महिलाओं के खाते में सिंगल क्लिक से राशि ट्रांसफर की और सिकल सेल एनीमिया कार्ड भी वितरित किया.

ये भी पढ़ें-Why Paracetamol Is Not Reducing Fever: डोलो-650 और पैरासिटामोल से बुखार नहीं उतर रहा, जानें इस मौसम में क्यों नहीं काम कर रही दवा?