New Delhi Railway Stations: दिल्ली के रेलवे स्टेशनों के नाम बदलने की योजना पर काम चल रहा है. रिपोर्ट्स हैं कि कुछ स्टेशनों के नाम के आगे दिल्ली लगाया जा सकता है. इतना ही नहीं अब कुछ रेगुलर ट्रेनों को भी दूसरे स्टेशन्स पर शिफ्ट करने की चर्चाएं हैं. इस योजना को सफल बनाने के लिए सरकार की ओर से रेलवे स्टेशनों को बड़ा बनाया जा रहा है.
दिल्ली में जिन रेलवे स्टेशन्स के नाम बदले जाने की चर्चा है, उनमें प्रमुख नाम हैं 'शकूरबस्ती' और 'बिजवासन' स्टेशन का. इन दो स्टेशनों को फिर से बेहतर बनाया जा रहा है और प्लेटफॉर्म को भी बढ़ाने का काम चल रहा है.
सूत्रों ने बताया है कि इन स्टेशन्स नाम बदलने का अधिकारअभी गृह मंत्रालय के पास है. यानी रेलवे स्टेशनों के नाम सिर्फ गृह मंत्रालय ही बदल सकता है,लेकिन कोशिश जारी है कि यह अधिकार रेल मंत्रालय को मिल जाए, ताकि वह नाम बदल सके.
शकूरबस्ती स्टेशन की जानकारी
बता दें कि पहले शकूरबस्ती स्टेशन सिर्फ तीन प्लेटफॉर्म का था और अब इसमें बदलाव लाने के बाद यह स्टेशन छह प्लेटफॉर्म का हो गया है. इतना ही नहीं नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आने वाली कुछ जरूरी रेलगाड़ियों को इस स्टेशन पर शिफ्ट किए जाने की योजना भी बन रही है. शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन का नाम रानी बाग हो सकता है.
स्टेशन के नाम के आगे दिल्ली जोड़ने की योजना
बिजवासन स्टेशन की शुरुआत अक्टूबर से की जाएगी. साथ ही इस स्टेशन पर पुरानी दिल्ली और सराय रोहिल्ला की ट्रेनों को शिफ्ट करने की योजना भी बनाई जा रही है. इस स्टेशन का नाम नहीं भी बदला तो भी बिजवासन के साथ दिल्ली जोड़ा जाएगा. रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी है कि सदर बाजार, आदर्श नगर, पटेल नगर, तिलक ब्रिज स्टेशन के नाम के आगे भी दिल्ली नाम जोड़ा जा सकता है. इसके लिए चर्चा भी चल रही है.
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से रेलगाड़ियां हो सकती हैं शिफ्ट
राजधानी में बहुत से छोटे स्टेशन ऐसे भी हैं, जिनको बेहतर बनाया गया है. उन्हें बेहतर बनाने की वजह यह है कि नई दिल्ली स्टेशन पर चलने वाली सारी गाड़ियों को दूसरे स्टेशन शिफ्ट किया जाएगा. 2650 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट को 2029 तक पूरा किया जाएगा.
योजना है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन को एक मल्टी लेवल ट्रांसपोर्ट हब में कन्वर्ट किया जाएगा. इस स्टेशन को एयरपोर्ट जैसा लुक दिया जाएगा. एयरपोर्ट जैसे दिखने वाले इस स्टेशन पर करीब 7 लाख यात्रियों के आने-जाने की व्यवस्था की जाएगी.
