अगर आप रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी चाहते हैं, ताकि रोजमर्रा के खर्चों के लिए दूसरों पर डिपेंड न रहना पड़े, तो भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की न्यू जीवन धारा-II पॉलिसी आपके काम आ सकती है. यह योजना उन लोगों को ध्यान में रखकर बनाई गई है, जो फ्यूचर के लिए पहले से पेंशन का इंतजाम करना चाहते हैं. इससे नौकरी या कामकाज बंद होने के बाद भी अपने खर्चों को संभालने में मदद मिल सकती है.
इस योजना की खास बात यह है कि इसमें पेंशन की दर पॉलिसी लेते समय तय हो जाती है. इसके अलावा, ग्राहकों को अपनी जरूरत के हिसाब से पेंशन पाने के अलग-अलग ऑप्शन भी दिए जाते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि LIC की न्यू जीवन धारा-II योजना में क्या-क्या सुविधाएं मिलती हैं और इसे कौन ले सकता है.
LIC न्यू जीवन धारा-II के क्या हैं फायदे?
- जीवनभर पेंशन: इस योजना में चुनी गई स्थगन अवधि (Deferment Period) पूरी होने के बाद पॉलिसी के नियमों के मुताबिक पॉलिसीधारक को जीवनभर एन्युटी यानी पेंशन मिलती है. इससे रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी का सहारा मिल सकता है.
- पेंशन के कई विकल्प: इसमें ग्राहक को अपनी आर्थिक जरूरतों के मुताबिक पेंशन पाने के कई विकल्प मिलते हैं, जिससे रिटायरमेंट की प्लानिंग करना आसान हो जाता है.
- गारंटीड पेंशन दर: पॉलिसी खरीदते समय ही एन्युटी की दर तय हो जाती है. इससे पॉलिसी की शर्तों के मुताबिक फ्यूचर में मिलने वाली पेंशन की दर की गारंटी रहती है.
- टॉप-अप एन्युटी की सुविधा: स्थगन अवधि के दौरान अतिरिक्त प्रीमियम जमा करके टॉप-अप एन्युटी के जरिए पेंशन बढ़ाने की सुविधा मिल सकती है.
एकमुश्त या किस्तों में जमा कर सकते हैं प्रीमियम
LIC की न्यू जीवन धारा-II में प्रीमियम जमा करने के लिए आपको अलग-अलग ऑप्शन दिए जाएंगे. आप अपनी आर्थिक स्थिति के हिसाब से नियमित प्रीमियम पेमेंट या एकमुश्त प्रीमियम का ऑप्शन चुन सकते हैं.
इसके अलावा, इसमें सिंगल लाइफ या जॉइंट लाइफ का ऑप्शन भी मौजूद हैं. सिंगल लाइफ ऑप्शन में एक व्यक्ति के लिए पेंशन की व्यवस्था होती है, जबकि जॉइंट लाइफ ऑप्शन दो व्यक्तियों को ध्यान में रखकर चुना जा सकता है.
कितने उम्र में ले सकते हैं पॉलिसी?
- इस योजना में प्रवेश की न्यूनतम उम्र 18 साल रखी गई है.
- अधिकतम प्रवेश उम्र चुने गए पेंशन विकल्प और स्थगन अवधि के आधार पर 65 या 70 साल हो सकती है.
- पेंशन शुरू होने की न्यूनतम उम्र 30 साल है.
- अधिकतम उम्र, जब पेंशन शुरू होगी, चुने गए विकल्प के मुताबिक65 या 70 साल हो सकती है.
LPG: बिना e-KYC नहीं मिलेगा त्योहारों पर फ्री गैस सिलेंडर? जानें नियम
