मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत में एलपीजी सप्लाई को लेकर लोगों के बीच तरह तरह की बातें चल रही हैं. कई लोगों को डर है कि कहीं गैस की सप्लाई प्रभावित न हो जाए. इसी वजह से कुछ लोग एक के बाद एक सिलेंडर बुक करके घर में जमा करने लगे हैं. ऐसी जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए सरकार ने दो सिलेंडर बुक करने के बीच का समय बढ़ा दिया है. इसके साथ ही सिलेंडर के दाम भी बढ़ाए गए हैं. ऐसे हालात में अब कई लोग पहले से ही कोई बैकअप ऑप्शन रखने की सोच रहे हैं.

Continues below advertisement

यही वजह है कि इंडक्शन चूल्हों की डिमांड तेजी से बढ़ रही है. बिजली से चलने वाला यह चूल्हा गैस के मुकाबले सुविधाजनक और कई मामलों में किफायती भी माना जाता है. हालांकि बाजार में कई तरह के मॉडल मौजूद हैं. इसलिए खरीदने से पहले कुछ जरूरी पहलुओं को समझ लेना बेहतर है. जिससे बाद में किसी तरह की परेशानी न हो.

पावर और कुकिंग मोड पर जरूर दें ध्यान

Continues below advertisement

इंडक्शन चूल्हा चुनते समय सबसे पहले उसकी पावर रेटिंग देखना जरूरी होता है. आमतौर पर बाजार में 1200 वॉट से 2200 वॉट तक के मॉडल मिलते हैं. ज्यादा पावर वाला इंडक्शन खाना तेजी से पकाता है. लेकिन उसकी बिजली खपत भी ज्यादा हो सकती है. इसलिए ऐसा मॉडल चुनना बेहतर होता है. जो आपके रोजमर्रा के इस्तेमाल के हिसाब से सही बैठे. 

कई नए मॉडल में अलग अलग कुकिंग मोड भी दिए जाते हैं, जैसे उबालना, फ्राई करना या स्लो कुकिंग. इससे खाना बनाना आसान हो जाता है और बिजली की खपत भी कंट्रोल रहती है. खरीदते समय यह भी देख लें कि आपके घर की बिजली कनेक्शन उस पावर को आराम से संभाल सकती है या नहीं.

हर बर्तन इंडक्शन पर काम नहीं करता

इंडक्शन चूल्हे की एक खास बात यह है कि इसमें हर तरह के बर्तन इस्तेमाल नहीं किए जा सकते. यह मैग्नेटिक बेस पर काम करता है. इसलिए स्टील या आयरन बेस वाले बर्तन ही सही तरीके से गर्म होते हैं. एल्यूमिनियम या साधारण बर्तन कई बार इंडक्शन पर काम नहीं करते. इसलिए नया इंडक्शन खरीदने से पहले अपने किचन के बर्तनों को चेक कर लेना समझदारी होती है. अगर वह इसमें इस्तेमाल नहीं हो पाएंगे तो इंडक्शन बेस वाले बर्तन अलग से खरीदने पड़ सकते हैं. 

सेफ्टी फीचर्स और ब्रांड चेक करें

आज के इंडक्शन चूल्हे में कई स्मार्ट सेफ्टी फीचर्स दिए जाते हैं. इनमें ऑटो कट ऑफ, ओवरहीट प्रोटेक्शन और चाइल्ड लॉक जैसे ऑप्शन शामिल होते हैं. यह फीचर्स खासतौर पर घर की सेफ्टी के लिहाज से काफी जरूरी होते हैं. अगर इंडक्शन ज्यादा गर्म हो जाए या उस पर सही बर्तन न रखा हो तो यह अपने आप बंद हो जाता है. 

इससे किसी खतरे की आशंका कम हो जाती है. इसके अलावा खरीदते समय ब्रांड, वारंटी और सर्विस सपोर्ट की जानकारी भी जरूर देख लें. भरोसेमंद कंपनी का इंडक्शन थोड़ा महंगा जरूर हो सकता है. लेकिन लंबे समय में वही ज्यादा टिकाऊ होता है.

यह भी पढ़ें: ईरान-इजरायल जंग के बीच महंगा हुआ LPG सिलेंडर, लेकिन इस योजना में अब भी मिलती है सब्सिडी