Viral video: फेंके गए सिम कार्ड से सोना निकालने का एक चौंकाने वाला मामला सामने है. यह कोई मामूली बात नहीं है, क्योंकि बेकार सिम कार्ड से कुल 191 ग्राम सोना निकाला गया, जिसकी भारतीय बाजार में कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी जा रही है. सिम कार्ड से सोना निकालने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
यह घटना दक्षिण-पूर्व चीन से सामने आई है. इस पूरी प्रक्रिया का वीडियो खुद युवक ने सोशल मीडिया पर अपलोड किया है. सोशल मीडिया पर Qiao नाम के अकाउंट से यह वीडियो साझा किया गया है.
गुआंगडोंग प्रांत के हुईझोउ शहर के रहने वाले Qiao का काम फेंके गए धातु को पीटकर, जलाकर और उसे दोबारा उपयोग योग्य बनाना है. 20 जनवरी को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें पूरी शोधन प्रक्रिया को दिखाया गया है. इस वीडियो को लाखों लोगों ने देखा, शेयर किया और यह देखते-ही-देखते सोशल मीडिया पर गजब वायरल हो गया.
वीडियो में साफ-साफ देखा जा सकता है कि पहले प्लास्टिक में रखे गए बेकार सिम कार्ड को एक रसायन से भरे बर्तन में डाल दिया जाता है. कई चरणों से गुजरने के बाद, वह एक धुंधला तरल तैयार होता है. इसके बाद उसे गर्म किया जाता है, जिससे सिक्के जैसा दिखने वाला चमकदार पीले रंग का सोना बन जाता है, और उसका वजन किया जाता है, तो वीडियो में ही दिखाई पड़ता है कि सोने का वजन 191.72 ग्राम है.
Qiao ने मीडिया को बताया कि उन्होंने करीब दो टन इलेक्ट्रॉनिक कचरा जमा किया था. इसमें सिम कार्ड के अलावा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के अन्य टुकड़े भी शामिल थे. उन्हें पहले से पता था कि सिम कार्ड के मुख्य भाग में सोने की एक पतली परत होती है. बताया जाता है कि एक सिम कार्ड में लगभग 0.001 ग्राम (मिलीग्राम स्तर) सोना होता है. बहुत कम मात्रा में सोना एटीएम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक चिप्स में भी पाया जाता है.
चीन में सिम कार्ड की बढ़ी मांग- मीडिया रिपोर्ट्स
इस वीडियो के वायरल होने के बाद Qiao चीन के सोशल मीडिया स्टार बन गए हैं. कुछ यूजर्स उन्हें Alchemist कह रहे हैं. चीनी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद से बाजार में सिम कार्ड की बिक्री काफी बढ़ गई है.
Qiao ने साफ कहा कि उन्होंने सोना निकालने का तरीका नहीं बताया. उन्होंने केवल अपना काम सभी के सामने रखा. उन्होंने यह भी कहा कि यह काम बहुत जोखिम भरा है और कानूनी समस्याएं हो सकती हैं. उनका दावा है कि वह सिम कार्ड को Aqua Regia नामक एक तरल मिश्रण में डुबोते हैं, जो गाढ़े एसिड का एक हानिकारक मिश्रण है.
