Thief Robbed 8 Crore Rupees Jewellery: कहते है न किसी भी काम को करने के लिए दिमाग की जरूरत होती है और जब बात चोरी की हो तो एक्स्ट्रा दिमाग लगाना ही पड़ता है. चोरों की बिरादरी ने इस कहावत को काफी सीरियस ले लिया है. तमिलनाडु के वेल्लोर से एक चोरी की घटना सामने आई है, जिसमें चोरों ने आइंस्टीन जैसा दिमाग लगाने की कोशिश की है. शातिर चोरों ने सीसीटीवी कैमरे को पेंट करते हुए 8 करोड़ रुपए के गहने चोरी किए हैं.
क्या क्या हुआ है चोरी?
आपको बता दें कि चोरों ने वेल्लोर में जोस अलुक्कास शोरूम में लूट की है. चोरों ने लगभग 15 किलो सोने के गहने चोरी किए हैं, जिनकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 8 करोड़ रुपए है. इसी के साथ चोरों ने कुछ हीरे के आभूषणों पर भी हाथ साफ किया है.
चोरी की वारदात की पूरी कहानी
चोरों ने इस घटना को प्लानिंग के साथ अंजाम दिया है. बदमाश बिल्डिंग के पिछले हिस्से में छेद करके शोरूम में दाखिल हुए. फिर सभी 12 सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर दिया. जिससे कोई उनको पहचान न सके. फिर 15 किलो सोने के गहने और डायमंड के जेवरात की चोरी की और फरार हो गए. लेकिन सीसीटीवी कैमरे में एक चोर की तस्वीर कैद हो गई है. चोर जानवर वाला मुखौटा पहने नजर आ रहा है. इस चोरी की घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह दुकान के कर्मचारियों ने आकर शटर खोला.
पुलिस ने क्या कहा?
इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है. चार विशेष टीमें जांच में जुटी हैं. कुछ सुराग भी हाथ लगे हैं. जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
