Father Funeral Viral Video : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग इमोशनल भी हो रहे हैं और हैरानी भी जता रहे हैं. वीडियो में अंतिम संस्कार का सीन दिखाई देता है, जहां एक पिता की चिता जल रही है और दूसरी तरफ उनकी बेटियां मौके पर मौजूद होने की जगह वीडियो कॉल के जरिए अंतिम संस्कार देखती नजर आती हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर रिश्तों, परिवार और बदलते सामाजिक माहौल को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. 

Continues below advertisement

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के रहने वाले 74 वर्षीय कपड़ा व्यापारी शिवचरण रामरतन गुप्ता पिछले करीब डेढ़ साल से हरियाणा के सोनीपत स्थित एक वृद्धाश्रम में रह रहे थे. उनकी पत्नी मीना गुप्ता भी उनके साथ वहीं रहती थीं, लेकिन कुछ समय पहले उनका भी निधन हो गया था. पत्नी की मौत के बाद शिवचरण गुप्ता अकेले ही वृद्धाश्रम में रह रहे थे. बताया गया है कि उनकी तीन बेटियां हैं. उन्होंने सभी बेटियों को पढ़ाया-लिखाया और आत्मनिर्भर बनाया. इनमें दो बेटियां टीचर हैं. 

Continues below advertisement

बीमारी के दौरान भी नहीं पहुंचीं बेटियां

वृद्धाश्रम के संचालक आनंद कुमार के मुताबिक, करीब 20 दिन पहले शिवचरण गुप्ता की तबीयत ज्यादा खराब हो गई थी. इसके बाद उनकी तीनों बेटियों अनिता, निशा और प्रिया को इसकी जानकारी दी गई. हालांकि, इसके बाद कोई भी उनसे मिलने नहीं पहुंचा. आनंद कुमार ने बताया कि शिवचरण गुप्ता के पास मोबाइल फोन था, जिससे वह अपनी बेटियों से बातचीत किया करते थे, लेकिन बीमारी बढ़ने के बाद बेटियों के फोन भी आने बंद हो गए थे. वृद्धाश्रम की ओर से दोबारा संपर्क करने के बाद भी वे वहां नहीं पहुंचीं. 

5100 रुपये भेजे, वीडियो कॉल पर देखा अंतिम संस्कार

वृद्धाश्रम प्रबंधन के अनुसार, तीनों बेटियां अंतिम संस्कार में शामिल होने नहीं पहुंचीं, बड़ी बेटी अनिता ने ऑनलाइन 5100 रुपये भेजे और पिता का अंतिम संस्कार विधि-विधान से करने के लिए कहा. इसके बाद अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया वीडियो कॉल के जरिए उन्हें दिखाई गई. 

वायरल वीडियो में क्या है?

वायरल वीडियो में श्मशान घाट का सीन नजर आता है. लकड़ियों की चिता जल रही है और अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की जा रही हैं. चिता के सामने खड़ा एक व्यक्ति मोबाइल पर वीडियो कॉल किए हुए दिखाई देता है. मोबाइल स्क्रीन पर एक महिला नजर आती है, जो लगातार वीडियो कॉल पर मौजूद रहती है. वीडियो के दौरान आसपास मौजूद लोग अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करते दिखाई देते हैं. बीच-बीच में चिता की लकड़ियों को ठीक किया जाता है और आग को संभाला जाता है. इसी दौरान वीडियो कॉल पर मौजूद महिला से बातचीत भी होती है. 

वीडियो में कॉल कर रहा व्यक्ति महिला से कहता सुनाई देता है कि आप 20 तारीख से पहले आ जाइए.  इस पर महिला जवाब देती है, देखते हैं, फिर मैं आपको बताती हूं. इसके बाद महिला पूछती है, अच्छे से हो गया ना सारा काम? मुझे वीडियो भी भेज दीजिए. इस पर वह व्यक्ति कहता है, मैं भेज दूंगा. बाकी सारा काम तो आपके आने पर ही होगा, अभी तो सिर्फ संस्कार हुआ है. सके बाद महिला पूछती है कि और कितना टाइम लगेगा, क्योंकि हम लोग तो आएंगे.  इसके बाद वह व्यक्ति फोन को आगे ले जाकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया दिखाता रहता है और बातचीत जारी रहती है. 

यह भी पढ़ें - Video: दादी ने पहली बार इस्तेमाल किया एक्सेस कार्ड, प्यार भरे वीडियो ने जीता दिल

सोशल मीडिया पर लोगों के कमेंट्स

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं. वहीं एक यूजर ने लिखा कि जिन हाथों ने बच्चों को पाल-पोसकर बड़ा किया और पढ़ाया-लिखाया, आज उन्हीं हाथों को कंधा देने कोई नहीं पहुंचा. इसके अलावा एक अन्य यूजर ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज और परिवार की बदलती सोच पर सवाल खड़े करती हैं. कई लोगों ने इस घटना को बेहद दुखद बताया, जबकि कुछ ने इसे बदलते समय और रिश्तों की कमजोर होती अहमियत से जोड़कर अपनी प्रतिक्रिया दी. 

यह भी पढ़ें - Mom Viral Video : मां से दूर होने का कहा तो रोने लगा मासूम, वीडियो देख भर आएगा गला