सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है. राजस्थान के दिल्ली-जयपुर हाईवे पर दूध से भरा एक बड़ा टैंकर पलट गया. इसके बाद हजारों लीटर दूध सड़क पर बहने लगा. जैसे ही आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली, बड़ी संख्या में लोग बाल्टी, कैन, बोतल और दूसरे बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए और बहता हुआ दूध भरने लगे. कुछ ही मिनटों में वहां लोगों की भीड़ लग गई और पूरा नजारा कैमरे में कैद हो गया.
टैंकर पलटा तो बर्तन लेकर हाईवे पर दौड़े लोग
यह हादसा राजस्थान के कोटपूतली के पास हाईवे किंग होटल के नजदीक हुआ. बताया जा रहा है कि दूध से भरा टैंकर अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे नाले में पलट गया. टैंकर के पलटते ही उसमें भरा दूध तेजी से बाहर निकलने लगा और सड़क पर फैल गया. इसी दौरान कई लोगों ने मौके पर पहुंचकर दूध इकट्ठा करना शुरू कर दिया.
ड्राइवर घायल, हाईवे पर लगा जाम
हादसे में टैंकर चालक घायल हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. वहीं लोगों की भारी भीड़ जमा होने और सड़क पर दूध फैलने की वजह से दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा. बाद में प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया.
यह भी पढ़ें: Viral Video: कोलकाता की ट्यूशन टीचर ने दिखाया स्टूडेंट्स का प्यार, खाने की प्लेट देखकर लोग बोले- किस्मत हो तो ऐसी
सोशल मीडिया पर आई मजेदार प्रतिक्रियाएं
इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ यूजर्स ने इसे "फ्री दूध की लाइन" बताया तो कुछ ने कहा कि लोग मदद करने के बजाय दूध भरने में जुट गए. वहीं कई लोगों ने हादसे में घायल ड्राइवर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि सबसे पहले उसकी सुरक्षा और इलाज पर ध्यान देना चाहिए. वीडियो को सोशल मीडिया पर अलग अलग प्लेटफॉर्म से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है तो वहीं कई लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: तुम भी मदद करना...पेट्रोल पंप पर बारिश में भीगे नोट नहीं आए काम तो अंकल ने की मदद, वायरल वीडियो
