INDIA Vs Bharat Debate: इंडिया या भारत... या फिर इंडिया ही भारत, इस तरह की बहस सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक जगत तक शुरू हो चुकी है. विपक्षी दलों के गठबंधन का नाम I.N.D.I.A. रखे जाने के बाद से ही इस नाम का विरोध शुरू हो गया था, तमाम बीजेपी नेताओं ने इसका बायकॉट करना शुरू कर दिया और इसे अंग्रेजों के जमाने का नाम बताया. इसी बीच बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता लालू प्रसाद यादव का एक वीडियो खूब शेयर किया जा रहा है. जिसमें वो इंडिया का जिक्र कर तंज कसते हुए दिख रहे हैं.
इंटरव्यू की क्लिप वायरलइंडिया बनाम भारत की बहस के बीच लालू प्रसाद यादव का कई साल पुराना एक इंटरव्यू वायरल हो गया है. इस इंटरव्यू की एक क्लिप वायरल हो रही है, जिसमें लालू यादव दिल्ली को इंडिया कहकर बुला रहे हैं और बिहार को भारत बता रहे हैं.
लालू ने बताया कहां है असली भारतइस वायरल वीडियो में लालू यादव नीम की डंडी लेकर अपने दांतों को साफ करते हुए नजर आ रहे हैं. इस दौरान जब रिपोर्टर उनसे पूछता है कि आपने क्या कभी ब्रश यूज नहीं किया? इस पर लालू कहते हैं कि हां किया है... रिपोर्टर कहता है कि दिल्ली में तो दिक्कत होती होगी, इस पर लालू कहते हैं कि वहां ये नहीं मिलता है. दिल्ली तो इंडिया है ना, ये भारत है... भारत में मिलता है.
लालू प्रसाद यादव को अपने खास अंदाज के लिए जाना जाता है, इसी अंदाज में उनका ये इंटरव्यू भी है, जो अब वायरल हो रहा है. इस क्लिप को तमाम लोग सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं और कह रहे हैं कि लालू ने काफी पहले ही इंडिया और भारत के बीच का फर्क बता दिया था. सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को देखकर मजेदार कमेंट्स भी कर रहे हैं.