दशहरे पर रावण दहन के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल होते हैं. कभी रावण का जवाबी हमला होता है तो कभी रावण दहन का तरीका वायरल हो जाता है. हालांकि, इस बार जो वीडियो सामने आया है, उसे देख यूजर्स दहशत में हैं. दरअसल, रावण दहन के समय पुतले में रॉकेट और पटाखे बांधना आम बात है, लेकिन कभी-कभी रोमांच के चक्कर में पटाखों की संख्या इतनी ज्यादा हो जाती है कि लेने के देने पड़ जाते हैं.
ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर गदर काटे हैं. रावण दहन के दौरान किसी ने पुतले में इतने हथगोले भर दिए, जैसे ही पुतला जला तो तेल धमाका हुआ. यह धमाका इतनी जोर का था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए. यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे देखने के बाद यूजर्स कह रहे हैं कि यह रावण दहन हुआ है या न्यूक्लियर टेस्ट?
रावण में आग लगते ही हुआ विस्फोट!
वीडियो में रावण का पुतला जलने के दौरान तेज रोशनी और आग की बड़ी लपटें दिखाई दे रही हैं. इसके साथ ही तेज धमाका भी सुनाई देता है. आग का फैलाव और आसमान में उठती लपटों को देखकर ऐसा लग रहा है, जैसे किसी बड़े विस्फोट का दृश्य हो. इसी वजह से वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में दिखाई देने वाला नजारा सामान्य रावण दहन से काफी अलग नजर आया. इस वीडियो को देखकर भी लोग हैरानी के साथ मजाकिया अंदाज में अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और पूछ रहे हैं कि क्या भाई ये न्यूक्लियर टेस्ट था क्या?
यह भी पढ़ें : टूटा सब्र का बांध..दहन करते ही रावण ने किया पलटवार, दुम दबाकर भागे दर्शक
यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो को लेकर यूजर्स मजेदार कमेंट कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "इतना बुरा तो राम भी नहीं मारते, रावण की तो आत्मा भी कांप गई होगी." वहीं, दूसरे यूजर ने मजाक में कहा, "इस बार तो रावण पक्का मर गया होगा, अगली बार मारने की जरूरत नहीं पड़ेगी." कुछ लोगों ने रावण दहन के इस नजारे की तुलना परमाणु विस्फोट से की, तो कुछ ने लिखा कि ऐसा लग रहा है जैसे पूरा इलाका रोशनी से भर गया हो. यूजर्स की इन प्रतिक्रियाओं से साफ है कि वीडियो का अनोखा अंदाज लोगों को हैरान करने के साथ हंसा भी रहा है.
यह भी पढ़ें : यहां का दामाद है रावण, इस गांव के लोग नहीं जलाते दशानन का पुतला
