दुबई का नाम सुनते ही लोगों के मन में ऊंची-ऊंची इमारतें, आलीशान गाड़ियां और शानदार जिंदगी की तस्वीर सामने आने लगती है. लेकिन इसी शहर में कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्होंने अपने सपनों को पूरा करने के लिए मुश्किल दौर का सामना किया है. ऐसे ही एक शख्स हैं मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले शास्त्री नीरज पंडित जी, जो दुबई में हिंदू पुजारी के तौर पर काम करते हैं. वह वहां रहने वाले लोगों के लिए पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान कराते हैं. उनकी कहानी सोशल मीडिया पर लोगों को जिंदगी की एक ऐसी सच्चाई से रूबरू कराती है, जिसके बारे में अक्सर कम ही बात होती है.

Continues below advertisement

दुबई में पुजारी का काम करते हैं नीरज पंडित

शास्त्री नीरज पंडित जी मूल रूप से मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले हैं. वह अपने धार्मिक ज्ञान और पूजा-पाठ के जरिए दुबई में रहने वाले लोगों की मदद करते हैं. उनके काम में पूजा कराना, धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करना और त्योहारों के दौरान लोगों को धार्मिक परंपराओं से जोड़ना शामिल है. विदेश में रहकर अपने काम को आगे बढ़ाना सुनने में भले ही आसान लगे, लेकिन उनकी जिंदगी का शुरुआती दौर काफी मुश्किलों से भरा रहा.

कभी 500 तो कभी 200 दिरहम मिलती थी दक्षिणा

जब उनसे पूछा गया कि दुबई में काम शुरू करने के दौरान उन्हें कितनी कमाई होती थी, तो उन्होंने बताया कि उनकी कोई तय सैलरी नहीं थी. कभी किसी से 500 दिरहम दक्षिणा मिल जाती थी, तो कभी सिर्फ 200 दिरहम से ही काम चलाना पड़ता था. यानी उनकी कमाई पूरी तरह इस बात पर निर्भर करती थी कि उन्हें पूजा-पाठ कराने के लिए कितने लोग बुलाते हैं और दक्षिणा में कितनी रकम मिलती है.

नौकरी में हर महीने एक तय सैलरी मिलने की तरह उनके पास कमाई की कोई गारंटी नहीं थी. ऐसे में हर दिन उनके लिए एक नई चुनौती लेकर आता था. उन्हें यह भी नहीं पता होता था कि आने वाले दिनों में कितनी कमाई होगी और रोजमर्रा के खर्च कैसे पूरे होंगे.

सुबह का खाना खाने के बाद भी सताती थी शाम की चिंता

नीरज पंडित जी की कहानी का सबसे भावुक पहलू उनके संघर्ष के शुरुआती दिनों से जुड़ा है. उन्होंने बताया कि दुबई में एक समय ऐसा भी था, जब सुबह नाश्ता करने के बाद उन्हें यह चिंता सताने लगती थी कि शाम को खाना कैसे मिलेगा.

सोचिए, जिस शहर को लोग अपनी शानदार जिंदगी और बेशुमार दौलत के लिए जानते हैं, उसी शहर में किसी इंसान के लिए दिन का अगला खाना जुटाना भी मुश्किल हो सकता है. उनकी यह बात बताती है कि विदेश में जिंदगी शुरू करना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. सपनों को पूरा करने के लिए कई बार इंसान को ऐसी परिस्थितियों से गुजरना पड़ता है, जिनकी कल्पना करना भी मुश्किल होता है.

हालांकि, उनकी कहानी का संदेश सिर्फ संघर्ष और पैसों की परेशानी तक सीमित नहीं है. यह उन तमाम लोगों की जिंदगी की झलक भी दिखाती है, जो अपने बेहतर भविष्य की उम्मीद में घर से दूर रहते हैं और धीरे-धीरे अपनी जगह बनाने की कोशिश करते हैं.

यह भी पढ़ें: ट्रेन के 3AC कोच में पान वाले ने खोल लिया खोखा, चूना लगाते वीडियो वायरल

पैसों से बढ़कर दिया प्यार और सम्मान का संदेश

जब नीरज पंडित जी से पूछा गया कि वह लोगों को क्या संदेश देना चाहेंगे, तो उन्होंने ऐसी बात कही, जो हर किसी के लिए मायने रखती है. उनका मानना है कि भारत हो या दुनिया का कोई दूसरा देश, लोगों को एक-दूसरे के साथ प्यार और सम्मान से रहना चाहिए. किसी का देश, धर्म या पहचान अलग होने का मतलब यह नहीं कि उसके साथ भेदभाव किया जाए.

उन्होंने यह भी संदेश दिया कि जब कोई त्योहार आए, तो सभी लोगों को मिल-जुलकर उसे मनाना चाहिए. त्योहार लोगों को करीब लाने और आपसी रिश्तों को मजबूत करने का मौका देते हैं. ऐसे में खुशियां बांटने के लिए एक-दूसरे की परंपराओं का सम्मान करना जरूरी है.

यह भी पढ़ें: फेक टोल मनी मांगने पहुंचा शख्स, ड्राइवर ने कर दी बोलती बंद