घर में कपड़े प्रेस करना एक रोजमर्रा का काम है, लेकिन कई बार प्रेस जरूरत से ज्यादा गर्म हो जाती है. इससे न सिर्फ कपड़े जलने का डर रहता है, बल्कि प्रेस खराब होने और कभी-कभी करंट लगने जैसी दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है. कई बार लोग इसे अनदेखा कर देते हैं, जो बहुत खतरनाक हो सकता है. प्रेस का ज्यादा गर्म होना न सिर्फ आपके पसंदीदा कपड़ों को बर्बाद कर सकता है, बल्कि इससे शॉर्ट सर्किट या आग लगने का खतरा भी बना रहता है. 

Continues below advertisement

थर्मोस्टेट का खराब होना

प्रेस में तापमान को नियंत्रित करने का काम थर्मोस्टेट करता है. यह एक तरह का सेंसर होता है, जो तय तापमान आने पर बिजली की सप्लाई अपने आप बंद कर देता है और तापमान कम होने पर फिर से चालू कर देता है. अगर थर्मोस्टेट खराब हो जाए या उसमें गड़बड़ी आ जाए, तो वह सही समय पर बिजली नहीं काटता और प्रेस लगातार गर्म होती रहती है. ज्यादातर मामलों में प्रेस के ज्यादा गर्म होने की यही सबसे बड़ी वजह होती है.

टेंपरेचर सेटिंग सही न रखना

कई बार दिक्कत प्रेस में नहीं, बल्कि हमारी सेटिंग में होती है. हर कपड़े के लिए प्रेस में अलग तापमान सेटिंग दी होती है, जैसे कॉटन, सिल्क या सिंथेटिक कपड़ों के लिए अलग-अलग निशान बने होते हैं. अगर पतले या नाजुक कपड़े को हाई टेंपरेचर सेटिंग पर प्रेस किया जाए, तो प्रेस भले ही सामान्य तरीके से काम कर रही हो, लेकिन गर्मी ज्यादा महसूस होती है और कपड़ा जलने का खतरा भी रहता है.

Continues below advertisement

पुरानी या घिसी हुई वायरिंग

प्रेस के अंदर की वायरिंग या हीटिंग एलिमेंट अगर पुराना हो गया है या कहीं से घिस गया है, तो इससे भी बिजली का प्रवाह बिगड़ सकता है. ऐसे में प्रेस जरूरत से ज्यादा गर्म होने लगती है, और कई बार यह जल्दी-जल्दी गर्म-ठंडी भी होती रहती है. पुरानी प्रेस में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है, क्योंकि लगातार इस्तेमाल से अंदर के पार्ट्स कमजोर पड़ जाते हैं.

वोल्टेज की गड़बड़ी

घर में आने वाली बिजली की वोल्टेज अगर तय सीमा से ज्यादा है, यानी वोल्टेज फ्लक्चुएशन हो रहा है, तो इसका सीधा असर प्रेस जैसे बिजली के उपकरणों पर पड़ता है. ज्यादा वोल्टेज आने पर प्रेस का हीटिंग एलिमेंट तेजी से गर्म होता है और तय तापमान से ज्यादा गर्मी पैदा कर सकता है. ऐसे इलाकों में जहां वोल्टेज अक्सर ऊपर-नीचे होती रहती है, वहां यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है.

यह भी पढ़ें: आपके नाम पर 9 से ज्यादा सिम तो नहीं चल रहे? फटाफट ऐसे करें पता

कैसे करें बचाव?

इस समस्या से बचने के लिए सबसे पहले तो प्रेस खरीदते समय ऑटोमैटिक शट-ऑफ फीचर वाली प्रेस चुनना बेहतर रहता है, क्योंकि यह तय तापमान पर पहुंचते ही खुद-ब-खुद बिजली काट देती है. कपड़ों के हिसाब से सही टेंपरेचर सेटिंग का इस्तेमाल करें और लेबल पर दी गई जानकारी जरूर देखें. अगर घर में वोल्टेज की समस्या रहती है, तो स्टेबलाइजर का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके अलावा प्रेस की वायरिंग और प्लग को समय-समय पर चेक करते रहें, और अगर कहीं से तार कटा-फटा दिखे तो उसे तुरंत बदलवाएं. 

यह भी पढ़ें: किसी और के डिवाइस में तो नहीं चल रहा आपका Google अकाउंट? ऐसे करें पता