WhatsApp New Feature : WhatsApp पर दोस्तों के साथ कोई फोटो शेयर करनी हो, किसी को स्क्रीनशॉट भेजना हो या फिर कोई डाउनलोड किया हुआ वीडियो फॉरवर्ड करना हो, इसके लिए यूजर्स को अक्सर फोन की गैलरी खोलनी पड़ती है. इसके बाद सही फोटो या वीडियो ढूंढकर उसे चुनना होता है और फिर भेजने की प्रक्रिया पूरी होती है. लेकिन अब WhatsApp इस पूरे काम को थोड़ा आसान बनाने की तैयारी कर रहा है.
कंपनी एक ऐसे फीचर पर काम कर रही है, जो चैट के दौरान ही फोन की गैलरी में मौजूद फोटो और वीडियो दिखा सकता है. इससे यूजर्स को बार-बार गैलरी में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और बातचीत के बीच ही पसंदीदा मीडिया शेयर करना आसान हो जाएगा. तो आइए जानते हैं कि WhatsApp में कौन-सा नया फीचर आ रहा है.
WhatsApp में कौन-सा नया फीचर आ रहा है?
WhatsApp के इस नए फीचर का नाम Recent Media Suggestions है. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी इसे Android और iOS के कुछ यूजर्स के लिए जारी कर रही है. इस फीचर की मदद से फोन की गैलरी में हाल ही में जोड़े गए फोटो और वीडियो सीधे WhatsApp चैट में सुझाव के तौर पर दिखाई देंगे. अगर आपने कोई नई फोटो खींची है या कोई वीडियो डाउनलोड किया है, तो उसे भेजने के लिए अलग से गैलरी खोलने की जरूरत नहीं होगी.
चैट में दो तरह से दिखेंगे फोटो और वीडियो के सुझाव
WhatsApp इस फीचर को फिलहाल दो अलग-अलग तरीकों से दिखाने की टेस्टिंग कर रहा है. पहले तरीके में चैट बार के ठीक ऊपर एक छोटा नोटिफिकेशन दिखाई देगा, जिसमें गैलरी की सबसे नई मीडिया फाइल का थंबनेल मौजूद होगा. वहीं दूसरे तरीके में चैट बार के कैमरा आइकन की जगह कुछ समय के लिए फोटो या वीडियो का थंबनेल दिखाई दे सकता है. यूजर्स चाहें तो इन सुझावों को नजरअंदाज करके पहले की तरह बातचीत जारी रख सकते हैं.
किन फाइलों के सुझाव देगा WhatsApp?
Recent Media Suggestions फीचर सिर्फ कैमरे से खींची गई फोटो तक सीमित नहीं रहेगा. इसमें फोन के कैमरे से ली गई फोटो, स्क्रीनशॉट, डाउनलोड की गई इमेज और दूसरी ऐप्स से सेव किए गए वीडियो भी शामिल हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें -Google AI Mode : Google के सर्च पेज पर बदलेगा AI का ठिकाना? कंपनी कर रही है एक्सपेरिमेंट
फोटो भेजने से पहले कर सकेंगे एडिट
सुझाए गए फोटो या वीडियो पर टैप करने के बाद WhatsApp का ड्रॉइंग एडिटर खुल जाएगा. यहां यूजर्स शेयर करने से पहले मीडिया को देख सकेंगे और जरूरत के मुताबिक उस पर कैप्शन या स्टिकर भी लगा सकेंगे. सुझाव दिखाई देने से कोई फोटो या वीडियो अपने आप सामने वाले को नहीं भेजा जाएगा. उसे शेयर करने के लिए यूजर को खुद आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
पसंद न आए तो ऐसे बंद करें फीचर
यह फीचर यूजर्स के लिए अपने आप एक्टिव हो सकता है, हालांकि अगर किसी यूजर को चैट में बार-बार मीडिया के सुझाव देखना पसंद नहीं है, तो वह इसे बंद भी कर सकता है. इसके लिए WhatsApp की Settings में जाकर Chats और फिर Recent media suggestions के ऑप्शन पर जाना होगा. यहां दिए गए टॉगल को बंद करने के बाद चैट में फोटो और वीडियो के सुझाव दिखना बंद हो जाएंगे.
यह भी पढ़ें -Claude Message Threads : बार-बार एक ही बात बताने से मिलेगी छुट्टी! Claude AI में आया नया फीचर
