Brave Browser: आज के समय में पसंदीदा गाने सुनने हों, कोई मूवी देखनी हो या पढ़ाई से जुड़ा कोई टॉपिक समझना हो, हमारा हाथ सबसे पहले यूट्यूब पर ही जाता है. लेकिन यूट्यूब वीडियो कुछ सेकेंड चलता है इतने में ही बिना स्किप होने वाले दो-दो ऐड स्क्रीन पर आ जाते हैं. ऐसे में पूरा मूड ऑफ हो जाता है. कई बार तो किसी जरूरी वीडियो के बीच में ही इतने सारे ऐड्स आ जाते हैं कि वीडियो देखने का ही मन नहीं कर जाता है. 

Continues below advertisement

यूट्यूब लगातार अपने यूजर्स पर इस बात का दबाव बना रहा है कि वे हर महीने पैसे देकर उसका प्रीमियम प्लान खरीदें. लेकिन लोग सोचते हैं भला इस फालतू से काम के लिए पैसे क्यों दे. अगर आप इस यूट्यूब पर ऐड देखकर पक चुके हैं. चाहते हैं ऐड एकदम गायब हो जाएं लेकिन पैसा एक भी न लगे तो फिर इसका जुगाड़ भी है. इसके लिए आपको अपने फोन, पीसी या लैपटाॅप में डाउनलोड करना होगा ब्रेव ब्राउजर. 

ब्रेव ब्राउजर कैसे रोकता है यूट्यूब के ऐड?

अपने फोन, पीसी या लैपटाॅप पर बिना किसी रुकावट के यूट्यूब चलाने का सबसे स्मार्ट और सेफ तरीका ब्रेव ब्राउजर को अपनाना है. फोन में पहले से मौजूद यूट्यूब के ऐप में ऐड को रोकना बहुत मुश्किल काम है. क्योंकि गूगल खुद ऐड से कमाई करता है. ऐसे में ब्रेव ब्राउजर एक अचूक तरीका है जो गूगल प्ले स्टोर और एप्पल के ऐप स्टोर दोनों पर बिल्कुल फ्री में मौजूद है. 

Continues below advertisement

इस ब्राउजर में पहले से लगा हुआ इन-बिल्ट ऐड ब्लॉकर यानी ब्रेव शील्ड है. आपको इसके लिए अलग से कोई थर्ड पार्टी ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ती. बस अपने फोन में ब्रेव ब्राउजर इंस्टॉल करें उसके सर्च बार में youtube.com टाइप करें और अपनी जीमेल आईडी से लॉग-इन कर लें. इसके बाद आप यूट्यूब पर कुछ भी देखें आपको एक भी ऐड देखने को नहीं मिलेगा.

स्क्रीन बंद होने पर भी चलते रहेंगे गाने

यूट्यूब के प्रीमियम सब्सक्रिप्शन की सबसे बड़ी खासियत यह होती है कि उसमें फोन की स्क्रीन लॉक करने या फिर दूसरे ऐप पर जाने के बाद भी बैकग्राउंड में गाने चलते रहते हैं. लेकिन कमाल की बात यह है कि ब्रेव ब्राउजर आपको यह महंगा फीचर भी बिल्कुल मुफ्त में देता है. इसके लिए आपको ब्राउजर में बस एक छोटी सी सेटिंग ऑन करनी होती है. जब आप अपने फोन में ब्रेव ब्राउजर खोलेंग  तो नीचे या ऊपर दिए गए तीन डॉट्स वाले मेन्यू पर क्लिक करके सेटिंग्स में जाएं. 

वहां आपको Media का एक ऑप्शन दिखाई देगा जिसमें जाकर Enable Background Audio को चालू करना है. एक बार यह सेटिंग ऑन करने के बाद जब भी आप ब्रेव ब्राउजर के अंदर यूट्यूब पर कोई गाना या पॉडकास्ट चलाएंगे तो फोन की स्क्रीन बंद करने के बाद भी आवाज आनी बंद नहीं होगी. आप आराम से फोन को अपनी जेब में रखकर ईयरफोन पर घंटों म्यूजिक का मजा ले सकते हैं. 

यह भी पढ़ें: दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों का सालाना टर्नओवर कितना? होश उड़ा देगी रकम

होम स्क्रीन पर कर लें ऐड

कई लोगों को बार-बार ब्राउजर खोलकर उसमें यूट्यूब सर्च करना टाइम वेस्ट लगता है. लेकिन इसका भी एक बहुत आसान जुगाड़ मौजूद है. आप ब्रेव ब्राउजर में यूट्यूब खोलने के बाद मेन्यू में जाकर Add To Home Screen के ऑप्शन को चुन सकते हैं.

ऐसा करते ही आपके फोन की मेन स्क्रीन पर यूट्यूब का एक अलग आइकॉन बन जाएगा. अगली बार जब आप उस आइकॉन पर टैप करेंगे तो आप सीधे बिना ऐड वाले यूट्यूब पेज पर पहुंच जाएंगे और आपको बिल्कुल ऑफिशियल ऐप जैसा ही एक्सपीरिएंश मिलेगा. 

डेटा की होगी बचत

इसके अलावा ब्रेव ब्राउजर इस्तेमाल करने का एक बड़ा फायदा यह भी है कि यह आपकी प्राइवेसी को पूरी तरह सेफ रखता है. जब बैकग्राउंड में भारी-भरकम वीडियो ऐड लोड नहीं होते, तो आपके मोबाइल डेटा की खपत भी काफी कम हो जाती है और वीडियो बिना बफरिंग के तेजी से चलते हैं. 

यह भी पढ़ें: Flipkart Discount: आईफोन खरीदना है तो ले आएं SBI कार्ड, मिल जाएगा इतना डिस्काउंट