Charging Tips: फोन जब थोड़ा पुराना होने लगता है तो उसके साथ सबसे आम परेशानी चार्जिंग को लेकर ही आती है. कई बार आप फोन को चार्जर में लगाकर छोड़ देते हैं और आधे घंटे बाद आकर देखते हैं कि बैटरी एक परसेंट भी नहीं बढ़ी है. फिर फोन को चार्ज करने के लिए कभी चार्जर की पिन को थोड़ा तिरछा करना पड़ता ह तो कभी केबल को फोन के नीचे लपेटकर किसी भारी चीज से दबाना पड़ता है जिससे पिन अपनी जगह से जरा भी न हिले.
अगर गलती से भी तार छू जाए तो चार्जिंग तुरंत डिसकनेक्ट हो जाती है. ऐसे में ज्यादातर लोगों को लगता है कि उनके फोन का चार्जिंग जैक खराब हो गया है या फिर चार्जर की केबल में कुछ दिक्कत है. लोग तुरंत रिपेयरिंग की दुकान पर भागते हैं. जहां मैकेनिक पोर्ट बदलने के नाम पर अच्छे-खासे पैसे वसूल लेता है. लेकिन आपको बता दें आप बिना एक रुपया खर्च किए अपने घर पर ही इस परेशानी को मिनटों में ठीक कर सकते हैं.
क्यों ढीली पड़ जाती है चार्जिंग पिन?
जब चार्जर की पिन फोन में ठीक से फिट नहीं होती और बार-बार बाहर निकल आती है. तो इसके पीछे कोई बड़ी तकनीकी खराबी नहीं बल्कि एक बहुत छोटी सी वजह होती है. हम दिन भर अपने फोन को जींस या पैंट की जेब में रखते हैं बैग में डालते हैं और अलग-अलग जगहों पर इस्तेमाल करते हैं. इस दौरान जेब के कपड़ों के बारीक रेशे, धूल के कण और गंदगी धीरे-धीरे फोन के चार्जिंग पोर्ट के अंदर जमा होने लगती है.
जब भी हम फोन चार्ज करने के लिए पिन अंदर डालते हैं. तो वह पिन उस धूल और रेशों को और ज्यादा अंदर की तरफ दबा देती है. महीनों तक ऐसा होने से पोर्ट की गहराई में गंदगी की एक सख्त परत जम जाती है. इसी जमे हुए कचरे की वजह से चार्जर की पिन पूरी तरह अंदर तक नहीं जा पाती और मेटल कॉन्टैक्ट्स से सही कनेक्शन नहीं बन पाता. इसी के चलते हमें कनेक्शन जोड़ने के लिए पिन को टेढ़ा करके जोर लगाना पड़ता है.
इस तरीकों से मिनटों में निकलेगी पोर्ट की गंदगी
अगर आप चार्जिंग पोर्ट के अंदर फंसी इस गंदगी को साफ कर दें तो चार्जर की पिन फिर से नए फोन की तरह एकदम टाइट फिट होने लगेगी. इसे साफ करने के लिए सबसे पहले अपने फोन को स्विच ऑफ कर दें. अब एक लकड़ी या प्लास्टिक की पतली टूथपिक लें. अगर टूथपिक आगे से थोड़ी मोटी है तो उसे ब्लेड से छीलकर थोड़ा और पतला और चपटा कर लें जिससे वह पोर्ट के अंदर आसानी से जा सके.
अब किसी टॉर्च की रोशनी में फोन के पोर्ट के अंदर देखें और टूथपिक को बहुत हल्के हाथ से पोर्ट के कोनों में डालकर अंदर जमी धूल और रुई के रेशों को बाहर की तरफ कुरेदें. ध्यान रहे कि पोर्ट के बीच में जो पतली सी चिप या पिन होती है उस पर जोर न लगाएं, बल्कि सिर्फ उसके चारों तरफ की गहराई को साफ करें. जैसे ही अंदर जमा कचरा बाहर निकलेगा आप देखेंगे कि चार्जर की पिन एक बार में पूरी अंदर जाने लगी है.
यह भी पढ़ें: स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड से कितना अलग है Temple, कैसे करता है काम?
सफाई करते समय कभी न करें ये गलतियां
चार्जिंग पोर्ट को साफ करते वक्त कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. वरना फायदा होने के बजाय फोन का मदरबोर्ड या जैक सच में डैमेज हो सकता है. सबसे पहली बात यह कि पोर्ट के अंदर की गंदगी निकालने के लिए कभी भी लोहे की सुई, सेफ्टी पिन या किसी मेटल की नुकीली चीज का इस्तेमाल न करें. मेटल की पिन से अंदर के बारीक गोल्डन पॉइंट्स छिल सकते हैं या शॉर्ट सर्किट हो सकता है.
इसलिए हमेशा लकड़ी की टूथपिक ही इस्तेमाल करें. इसके अलावा पोर्ट के अंदर मुंह से जोर से फूंक न मारें क्योंकि मुंह की नमी अंदर जाकर जंग लगा सकती है. अगर हल्की धूल को साफ करना ही है तो आप टूथपिक के आगे बहुत थोड़ी सी रुई लपेटकर उसमें एक बूंद आइसोप्रोपाइल अल्कोहल या क्लीनर लगाकर हल्के हाथ से पोंछ सकते हैं. जब पोर्ट पूरी तरह सूख जाए तभी फोन ऑन करें और चार्जर लगाएं. इस छोटे से जुगाड़ से आपको फिर कभी चार्जर टेढ़ा करके लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
यह भी पढ़ें: Printer Buying Tips: प्रिंटर खरीदने का प्लान है तो खरीदने से पहले, ये 3 चीजें चेक कर लें
