Logitech ने अपने प्रोडक्टिविटी माउस का एक नया और खास एडिशन पेश किया है. कंपनी ने भारत में Logitech MX Master 4 Developer Edition लॉन्च किया है. इस माउस को खासतौर पर सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और कोडिंग वर्कफ्लो से प्रेरित डिजाइन दिया गया है. इसमें कोडिंग से जुड़े कई ऐसे विजुअल एलिमेंट्स देखने को मिलते हैं, जो इसे सामान्य माउस से अलग बनाते हैं. हालांकि डिजाइन में बदलाव के अलावा इसके फीचर्स स्टैंडर्ड MX Master 4 जैसे ही रखे गए हैं. तो आइए जानते हैं कि इसके खास फीचर्स और कीमत क्या है.
माउस पर दिखेंगे कोडिंग से जुड़े खास डिजाइन
इस एडिशन में मैट फिनिश के साथ लेजर-एच्च्ड डिटेलिंग दी गई है. इसके अलावा माउस पर एग्जीक्यूशन प्रॉम्प्ट भी देखने को मिलता है. ये सभी एलिमेंट्स सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और प्रोग्रामिंग की दुनिया से जुड़े हैं. कंपनी ने इसके डिजाइन में डेवलपर्स के लिए खास तारीखों के रेफरेंस भी शामिल किए हैं. इनमें World Programmers Day के लिए 0xFF + 1, Linux Kernel की रिलीज डेट के लिए 09.17 और World Backup Day के लिए !04.01 लिखा गया है.
1000 लाइन प्रति सेकंड तक स्क्रॉलिंग
Logitech MX Master 4 Developer Edition में कंपनी का MagSpeed Scroll Wheel दिया गया है. इसके जरिए यूजर्स एक सेकंड में 1,000 लाइनों तक स्क्रॉल कर सकते हैं. Logitech का दावा है कि यह उसका अब तक का सबसे तेज, शांत और सटीक स्क्रॉलिंग एक्सपीरियंस देने वाला सिस्टम है. माउस में 8,000 DPI सेंसर भी मिलता है, जो ट्रैकिंग को स्मूद और सटीक बनाने के लिए दिया गया है. कंपनी के मुताबिक, MX Master 3 की तुलना में इसमें 90 प्रतिशत कम शोर के साथ टैक्टाइल फील मिलता है.
हैप्टिक फीडबैक और कस्टमाइज कंट्रोल की सुविधा
डिजाइन के अलावा इस माउस में प्रोडक्टिविटी से जुड़े फीचर्स भी मिलते हैं. इसमें कस्टमाइज होने वाला हैप्टिक फीडबैक दिया गया है. इसकी मदद से यूजर्स को कुछ सपोर्टेड इंटरैक्शन के दौरान टैक्टाइल फीडबैक मिलता है. कंपनी के मुताबिक, यह सुविधा बड़े कोड रिपॉजिटरी में नेविगेट करने और अलग-अलग टर्मिनल विंडो के बीच स्विच करने जैसे कामों में मदद कर सकती है. इसमें Actions Ring के लिए एक डेडिकेटेड बटन भी दिया गया है. इसकी मदद से यूजर्स एक क्लिक में अपने पसंदीदा मैक्रो और AI कोडिंग असिस्टेंट तक पहुंच सकते हैं.
यह भी पढ़ें -Ai+ Smartphone Price Hike: Ai+ फोन खरीदने के लिए अब चुकाने होंगे ज्यादा पैसे, जानें नई कीमतें
कनेक्टिविटी के लिए मिला नया चिपसेट
कनेक्टिविटी के लिए Logitech ने इसमें हाई-परफॉर्मेंस चिप और ऑप्टिमाइज्ड एंटीना डिजाइन दिया है. कंपनी का दावा है कि इससे पिछले मॉडल्स की तुलना में कनेक्टिविटी की ताकत दोगुनी हो जाती है. इसके साथ USB Type-C डोंगल भी मिलता है, जिससे अलग-अलग डिवाइस के साथ पेयरिंग करना आसान बनाया गया है.
भारत में इतनी है कीमत
Logitech MX Master 4 Developer Edition को भारत में 20,699 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है. यह एक लिमिटेड एडिशन माउस है, जिसे कंपनी ने खास डिजाइन के साथ पेश किया है. इसे Amazon के जरिए खरीद सकते हैं. कंपनी ने इसके डिजाइन में डेवलपर्स की दुनिया से जुड़े कई छोटे-छोटे एलिमेंट्स शामिल किए हैं.
यह भी पढ़ें -Apple Touchscreen MacBook Pro : MacBook Pro में 16TB स्टोरेज या नया लैपटॉप? Apple की कीमत चौंकाएगी
