Apple ने अपना नया iPad mini (2026) भारत समेत ग्लोबल मार्केट में पेश कर दिया है. इस बार कंपनी ने प्रोसेसर अपग्रेड से लेकर डिस्प्ले, कैमरा, साउंड और कनेक्टिविटी में भी कई बदलाव किए हैं. नए मॉडल में पहली बार OLED स्क्रीन दी गई है, जिसका साइज 8.5 इंच है. इसके साथ A20 Pro चिप, AI फीचर्स और वॉटर रेजिस्टेंस जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं. तो आइए जानते हैं कि नए iPad mini की कीमत और खास फीचर्स क्या हैं.
iPad mini 2026 के खास फीचर्स क्या हैं?
नए iPad mini में 8.5 इंच का Super Retina XDR OLED डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजोल्यूशन 2316 बाय 1512 पिक्सल है. कंपनी के मुताबिक, इसमें 1,200 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस और P3 वाइड कलर गैमट का सपोर्ट मिलता है. पिछली जनरेशन के मुकाबले इसकी पीक ब्राइटनेस दोगुने से भी ज्यादा है. इसके अलावा तेज रोशनी में स्क्रीन पर पड़ने वाली चमक कम करने के लिए नैनो-टेक्सचर डिस्प्ले का ऑप्शन भी दिया गया है.
A20 Pro चिप से मिलेगी तेज परफॉर्मेंस
iPad mini 2026 में 2nm प्रोसेस पर बनी A20 Pro चिप दी गई है. इसमें 7-कोर GPU है, जिसके हर कोर में Neural Accelerator मौजूद है. Apple का दावा है कि पिछली जनरेशन के मुकाबले इसमें AI परफॉर्मेंस 4.5 गुना, ग्राफिक्स परफॉर्मेंस 2.7 गुना और मल्टीथ्रेडेड CPU परफॉर्मेंस 60 प्रतिशत तक बेहतर है.
कैमरा और साउंड में भी बदलाव
वीडियो कॉलिंग के लिए टैबलेट में 12MP का Center Stage फ्रंट कैमरा दिया गया है, जिसे लैंडस्केप किनारे पर रखा गया है. पीछे की तरफ 12MP का वाइड कैमरा मिलता है, जो Smart HDR 4 और 60fps तक 4K वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है. साउंड के लिए इसमें Acoustic Display सिस्टम दिया गया है. इसमें खास वूफर और कस्टम ट्वीटर का इस्तेमाल किया गया है, जिससे डिस्प्ले के जरिए आवाज पैदा होती है.
AI फीचर्स और वॉटर रेजिस्टेंस
नया iPad mini iPadOS 27 पर चलता है और इसमें Apple Intelligence के नए फीचर्स के साथ Siri AI का सपोर्ट मिलता है. कंपनी के मुताबिक, प्राइवेसी के लिए ऑन-डिवाइस प्रोसेसिंग और Private Cloud Compute का इस्तेमाल किया जाता है. कनेक्टिविटी के लिए इसमें Wi-Fi 7, Bluetooth 6.0 और N1 वायरलेस चिप दी गई है. Cellular मॉडल में C2 मॉडेम मिलता है. टैबलेट को IP67 रेटिंग भी मिली है. Apple के अनुसार, इसकी बैटरी एक बार चार्ज करने पर 10 घंटे तक वीडियो प्लेबैक दे सकती है और इसमें 35W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट है.
यह भी पढ़ें - Snapdragon को टक्कर देगा Samsung का Exynos 2700? रिपोर्ट में बड़ा दावा
iPad mini 2026 की कीमत क्या है?
Apple के नए टैबलेट की भारत में शुरुआती कीमत 82,900 रुपये रखी गई है. यह कीमत 128GB स्टोरेज वाले Wi-Fi मॉडल की है. वहीं Wi-Fi + Cellular वेरिएंट की शुरुआती कीमत 1,00,900 रुपये है. एजुकेशन डिस्काउंट के साथ इसे 76,900 रुपये की शुरुआती कीमत पर खरीदा जा सकेगा. यह टैबलेट 128GB, 256GB और 512GB स्टोरेज ऑप्शनों में Midnight और Starlight कलर में उपलब्ध होगा. इसकी प्री-बुकिंग 28 अक्टूबर से Apple India की वेबसाइट और Apple Store ऐप पर शुरू होगी. बिक्री 6 नवंबर से Apple Store और रिटेलर्स के जरिए होगी. नए iPad mini के साथ कंपनी ने Smart Folio भी पेश किया है, जिसकी कीमत 8,500 रुपये है. यह Navy Blue और Taupe कलर में उपलब्ध होगा. यह भी पढ़ें - कम इंटरनेट में भी दिखेगी साफ वीडियो, YouTube ला रहा नया AV2 टेक्नोलॉजी
