Amazon Echo Devices: घर की लाइट बंद करनी हो, पसंदीदा गाने सुनने हों या परिवार का पूरा शेड्यूल एक ही स्क्रीन पर देखना हो, स्मार्ट डिवाइस अब रोजमर्रा के कई काम आसान बना रहे हैं. इसी बीच Amazon ने अपने Alexa इकोसिस्टम को विस्तार देते हुए नए Echo डिवाइस पेश किए हैं. कंपनी की नई रेंज में स्मार्ट स्पीकर, कैमरे वाला Echo Studio, नींद को समझने वाली स्मार्ट घड़ी, डिजिटल फोटो फ्रेम और बड़ा स्मार्ट डिस्प्ले शामिल हैं. इन डिवाइस में बेहतर ऑडियो, स्मार्ट होम कंट्रोल और AI आधारित फीचर्स पर ध्यान दिया गया है.
Alexa Photo Frame और Echo Show 16 में क्या खास?
Alexa Photo Frame में 10 इंच की एंटी-ग्लेयर टचस्क्रीन है, जो Amazon Photos से तस्वीरें अपने आप सिंक कर सकती है. यूजर Alexa से किसी खास व्यक्ति, पालतू जानवर या ट्रिप की तस्वीरें दिखाने के लिए भी कह सकते हैं, हालांकि इसकी कीमत और उपलब्धता की जानकारी अभी नहीं दी गई है. वहीं नए Echo Show 16 में 16 इंच की HD स्क्रीन, Fire TV और बेहतर कैमरा दिया गया है. इसका Nanomatte वेरिएंट स्क्रीन पर चमक को 90 प्रतिशत से ज्यादा कम करने का दावा करता है. इसकी शुरुआती कीमत 499.99 डॉलर (करीब 47,600 रुपये) है, जबकि Nanomatte मॉडल 569.99 डॉलर (करीब 54,300 रुपये) में उपलब्ध है.
Echo Studio में कैमरा, आवाज के साथ दिखेगा नजारा
Amazon ने Echo Studio का कैमरे वाला नया वेरिएंट पेश किया है. इसकी कीमत 249.99 डॉलर (करीब 23,800 रुपये) है. इसमें Dolby Atmos सपोर्ट और हाई-एक्सकर्शन वूफर दिया गया है. Advanced Room Adaptation फीचर आसपास के कमरे के हिसाब से ऑडियो को एडजस्ट करता है. कैमरे की मदद से यूजर Alexa को किसी बोर्ड गेम के बॉक्स के नियम समझाने या सीरियल के पैकेट को पहचान कर दोबारा ऑर्डर करने के लिए कह सकते हैं. Alexa ऐप से घर से बाहर रहते हुए भी कमरे को देखा जा सकता है.
यह भी पढ़ें - GTA 6 Storage Size : GTA 6 के लिए चाहिए 210GB जगह! कंसोल में कितनी स्टोरेज बचेगी?
Echo Time से बेहतर हो सकती है सुबह की शुरुआत
Echo Time स्मार्ट क्लॉक की शुरुआती कीमत 199.99 डॉलर (करीब 19,000 रुपये) है. इसमें Omnisense तकनीक के जरिए नींद के हल्के चरण का पता लगाने की सुविधा है. इसके आधार पर यह तय अलार्म समय से 10 से 60 मिनट आगे या पीछे जगाने का समय चुन सकती है. बच्चों के लिए Echo Time का अलग मॉडल 209.99 डॉलर (करीब 20,000 रुपये) में आया है, जिसमें एक साल का Amazon Kids+ सब्सक्रिप्शन शामिल है.
नए Echo Dot में मिलेगा स्मार्ट होम हब
नई जनरेशन के Echo Dot की कीमत 99.99 डॉलर (करीब 9,500 रुपये) रखी गई है. इसमें स्मार्ट होम हब बिल्ट-इन है, जिससे यूजर अलग हब खरीदे बिना लाइट, लॉक और थर्मोस्टेट जैसे हजारों कम्पैटिबल डिवाइस कनेक्ट कर सकते हैं. इसमें eero Wi-Fi एक्सटेंडर भी दिया गया है, जो मौजूदा नेटवर्क की कवरेज 1,000 वर्ग फुट तक बढ़ा सकता है. यह स्पीकर Amazon के AZ3 चिपसेट और AI एक्सेलरेटर से लैस है.
यह भी पढ़ें -Moto G47 Power Launch: बड़ी बैटरी के साथ हाई-रेजोल्यूशन कैमरा, किसके लिए बेस्ट है Moto का नया फोन?
