उत्तर प्रदेश में योगी सरकार समाज कल्याण से जुड़ी योजनाओं को आम लोगों तक आसानी से पहुंचाने के लिए डिजिटल व्यवस्था पर जोर दे रही है. सरकार का दावा है कि ऑनलाइन आवेदन, डिजिटल भुगतान और लाभार्थियों के सत्यापन से योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता बढ़ी है. इसका उद्देश्य है कि सरकारी सहायता सही व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों को अपने काम के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें.

Continues below advertisement

वृद्धावस्था पेंशन, छात्रवृत्ति और राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ जैसी योजनाओं में तकनीक के इस्तेमाल से आवेदन से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया को आसान बनाने की कोशिश की जा रही है. सरकार का जोर इस बात पर है कि पात्र लोगों को समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ मिले और बीच में बिचौलियों की भूमिका कम हो.

ऑनलाइन आवेदन और डिजिटल भुगतान से आसान हुई प्रक्रिया

प्रदेश में समाज कल्याण विभाग की कई योजनाओं को ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जा रहा है. इससे लोगों को आवेदन करने और अपनी जानकारी देने में सुविधा मिल रही है. वहीं, डिजिटल भुगतान के जरिए सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों तक पहुंचाने की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है.

Continues below advertisement

इसके साथ ही लाभार्थियों का सत्यापन भी किया जा रहा है, ताकि योजनाओं का लाभ केवल पात्र लोगों को ही मिल सके. सरकार का मानना है कि तकनीक के इस्तेमाल से सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी की गुंजाइश कम होगी और जरूरतमंदों को आसानी से मदद मिल सकेगी.

सपा चीफ अखिलेश यादव का बड़ा बयान, 'हम मुख्यमंत्री तब बनते हैं जब...'

शिकायतों के निस्तारण पर भी विभाग की नजर

योजनाओं का लाभ लेने के दौरान कई बार लोगों को आवेदन, पात्रता और भुगतान से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इसे देखते हुए समाज कल्याण विभाग शिकायतों के जल्द निस्तारण और लंबित आवेदनों की समीक्षा पर भी ध्यान दे रहा है.

विभाग की कोशिश है कि किसी भी लाभार्थी की शिकायत लंबे समय तक लंबित न रहे. इसके लिए आवेदनों और भुगतान से जुड़े मामलों की निगरानी की जा रही है. इससे अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं को दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

हर पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य

समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से पहुंचे और लोगों को सरकारी सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े. उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, शिकायतों के निस्तारण और निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

सरकार का फोकस अब योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित रखने के बजाय उनका लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने पर है. ऑनलाइन व्यवस्था, भुगतान की निगरानी और शिकायतों के समाधान के जरिए समाज कल्याण विभाग अपनी कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह बनाने की दिशा में काम कर रहा है.