बरेली, एबीपी गंगा। यूपी के बरेली में डायल 100 पर पहुंचे एक फोन कॉल से हड़कंप मच गया। फोन पर पुलिस को सुचना मिली कि एक महिला को कुछ लोगों ने जिंदा जला कर मार डाला है। जिसके बाद एसपी ग्रामीण, सीओ स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जलती चिता से अधजले शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भमोरा थाना क्षेत्र के खुली ताहरपुर गांव में चिता से अधजला शव निकाला गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि किसी महिला की हत्या कर उसके शव को उसके ससुराल वाले जला रहे हैं, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जलती चिता में से शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी गई। दूसरी तरफ मायके वालों ने आरोप लगाया है कि दहेज की खातिर ससुरालवालों ने महिला की हत्या की है। दरअसल बदायू जिले के सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र स्थित ग्राम चंदोखर गौटिया निवासी कुंवर पाल मौर्य ने अपनी बेटी अंगूरी की शादी तीन साल पहले बरेली जिले के भमोरा थाना क्षेत्र के खुली ताहरपुर गांव निवासी यशपाल मौर्य से की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही उसका पति उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा और पांच लाख रूपये की मांग कर रहा था। रक्षाबंधन पर अंगूरी अपने मायके गई और अपने घरवालों को रो-रो कर अपने साथ हो रही यातनाओं के बारे में बताया। जिसके बाद 22 अगस्त को उसका पति पत्नी को मायके लेने गया और उसे विदा कराकर अपने घर ले आया। अपनी ससुराल आये हुए उसे चंद घंटे ही हुए थे कि ससुराल वालों ने उसे मार डाला और फिर बिना किसी को सूचना दिए उसका शव जला दिया। वही घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जलती चिता से शव को किसी तरह निकाला और अधजले शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय का कहना है कि मामले की जांच करवाई जा रही है और परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वही घटना के बाद से ही मृतका के ससुराल वाले फरार हो गए हैं।