अलीगढ़, एबीपी गंगा। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अतरौली और नानऊ पैठ में दो जगहों पर सभा को संबोधित किया। इस दौरान योगी ने तल्ख तेवर अनाते हुए सवाल किया कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) अल्पसंख्य संस्थान नहीं है, लेकिन फिर भी यहां एससी, एसटी और ओबीसी को आरक्षण क्यों नहीं दिया जाता है। एएमयू भारतीय संसद के कानून से बना है और सरकार के ही संसाधन से चलता है।

उन्होंने कहा कि एएमयू संसद के कानून से बना है और भारत सरकार के संसाधन से चलता है। बसपा, सपा और कांग्रेस से पूछें कि एएमयू में एससी, एसटी और ओबीसी से भेदभाव क्यों किया जाता है। उन्होंने कहा कि एएमयू में जिन्ना की तस्वीर के मुद्दे को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। योगी ने कहा कि जब तक एएमयू में एससी, एसटी एवं ओबीसी को आरक्षण नहीं मिल जाता, सतीश गौतम को जिताते रहें।

योगी ने गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां इसके अलावा योगी ने सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई। योगी ने कहा कि श्रेष्ठ भारत बनाने के लिए पीएम मोदी प्रयत्नशील हैं। इस क्रम में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, डिफेंस कॉरीडोर, गंगा एक्सप्रेसवे आदि का उल्लेख किया और कहा कि डिफेंस कॉरीडोर से अलीगढ़ एवं एटा के लोग भी लाभान्वित होंगे।