Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां गढ़ कोतवाली क्षेत्र के छोटे बाजार में स्थित एक जर्जर सरकारी स्कूल की बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई. इस घटना के दौरान वहां से गुजर रही एक महिला बाल-बाल बच गई.
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह स्कूल कई सालों से बंद पड़ा था और उन्होंने इसे गिरवाने की मांग कई बार की थी, लेकिन अधिकारियों ने इन शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया.
प्रशासनिक अधिकारियों ने शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया
यह घटना हापुड़ के गढ़ कोतवाली क्षेत्र के छोटे बाजार में हुई, जहां एक पुरानी और जर्जर हालत में पहुंच चुकी सरकारी स्कूल की बिल्डिंग अचानक ढह गई. जानकारी के मुताबिक, स्कूल की यह बिल्डिंग कई सालों से बंद पड़ी थी और उसकी हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि स्थानीय लोग इसे खतरा मानते थे.
स्कूल के आस-पास से गुजरने वाले लोगों ने कई बार इस बिल्डिंग को गिरवाने की मांग की, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने इन शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया. घटना के समय, एक महिला उस बिल्डिंग के पास से गुजर रही थी, जब अचानक बिल्डिंग का एक हिस्सा ढह गया. अगर वह थोड़ी सी भी देर से हटती तो उसकी जान जा सकती थी, लेकिन गनीमत रही कि महिला की जान बाल-बाल बच गई.
लोगों ने अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
इस पूरी घटना को वहां लगे सीसीटीवी कैमरे ने रिकॉर्ड कर लिया और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बिल्डिंग का एक हिस्सा अचानक गिरता है और महिला जल्दी से बचकर वहां से निकल जाती है. इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही को उजागर किया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस बिल्डिंग को गिरा दिया जाता तो यह हादसा टल सकता था. उन्होंने मांग की है इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.