उत्तर प्रदेश के वाराणसी में नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र ने फांसी के फंदे से लटककर जान दे दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. खुदकुशी की वजहों को पता नहीं चल सकता है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक छात्र काफी गुमसुम रहता था. उसने ये क़दम क्यों और कौन सी परिस्थितियों में उठाया, इसकी जांच की जा रही है.
ये घटना वाराणसी के लंका थाना अंतर्गत एक लॉज की बताई जा रही है. एबीपी लाइव से बातचीत के दौरान इस घटना के बारे में पुष्टि की गई. जिसमें पुलिस ने बताया कि जनपद के लंका थाना क्षेत्र के छित्तूपुर स्थित लाज में रविवार 18 अक्टूबर को विनोद पटेल नाम के छात्र की आत्महत्या की सूचना मिली. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तो उसका शव पंखे से लटकता मिला.
यूपी में बारिश पर लगा ब्रेक, मौसम हुआ सुहाना, सुबह-शाम ठंडक बढ़ी
पंखे से लटकता मिला शव
पुलिस के मुताबिक़ 22 वर्षीय विनोद पटेल मिर्ज़ापुर का रहने वाला था और काफी समय से नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था. रविवार को उसका शव लॉज के कमरे में पंखे से लटकता मिला. पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है. इसके अलावा लाज में रहने वाले दूसरे लोगों से भी पूछताछ के अलावा हर पहलू से जांच शुरू कर दी है. कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है.
विनोद ने आत्महत्या क्यों की इसकी वजह का खुलासा नहीं हो सकता है. पुलिस हर पहलू से पूरे मामले की जाँच करने की कोशिश कर रही है. पुलिस का कहना है कि परिजनों की तरफ से यह भी बताया गया है कि छात्र विनोद काफी गुमसुम रहता था. आमतौर पर फोन से भी कम बातचीत होती थी लेकिन, विनोद के द्वारा इस प्रकार का कदम उठा लिया जाएगा किसी को भी भनक नहीं थी.
पुलिस ने फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा. पुलिस आगे की जाँच में जुट गई है. विधिक प्रक्रिया जारी है.
