देहरादून, भाषा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गुरुग्राम में उनके राज्य के दो युवकों की मौत पर मंगलवार को दुख जताया। यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार रावत ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से इस संबंध में बातचीत की और मामले में जांच की मांग की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।

विज्ञप्ति के अनुसार खट्टर ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए रावत को दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। घटना में उत्तराखंड का एक और युवक घायल हो गया। रावत ने इस संबंध में आज ट्वीट भी किया और कहा कि घटना में प्रभावित सभी परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं।

बतादें कि सोमवार तड़के उत्तराखंड के तीन युवकों को एंबियंस मॉल के पास एक बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया था। तीनों गुरुग्राम की एक कंपनी में काम करते थे, वे कंपनी से घर लौट रहे थे। इन युवकों को घायल अवस्था  मे देखकर आसपास के लोगो ने पुलिस और एम्बुलेंस की सूचना दी। पुलिस ने तीनों युवकों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक की हालत गंभीर है।