उत्तराखंड को नशे के जाल से पूरी तरह मुक्त करने के लिए चलाए जा रहे 'ड्रग्स फ्री देवभूमि' अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है.
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (A.N.T.F.) और थाना बसंत विहार पुलिस की संयुक्त टीम ने देहरादून में एक शातिर नशा तस्कर को धर दबोचा है. आरोपी के कब्जे से 144 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 42 लाख रुपये आंकी गई है.
संयुक्त ऑपरेशन में ऐसे बिछाया गया जाल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) एसटीएफ, अजय सिंह के सख्त निर्देशों पर पूरे प्रदेश में ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ सघन चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में पुलिस उपाधीक्षक (ANTF) परवेज़ अली के नेतृत्व में टीम ने सटीक मुखबिरी के आधार पर थाना बसंत विहार क्षेत्र में घेराबंदी की. पुलिस टीम ने आजाद कॉलोनी (देहरादून) के रहने वाले गुफरान नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई.
पूछताछ में हुआ 'सप्लाई चेन' का खुलासा
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी गुफरान ने नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े कई अहम राज उगले हैं. उसने कुबूला कि वह नशे की यह बड़ी खेप पटेल नगर निवासी तरुण पाल उर्फ चीनू से लेकर आया था. उसका मुख्य उद्देश्य इस महंगी ड्रग्स की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर देहरादून के स्थानीय युवाओं और छात्रों को बेचना और मोटा मुनाफा कमाना था.
पुलिस ने आरोपी गुफरान के खिलाफ NDPS एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मुख्य सप्लायर तरुण पाल की तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं.
SSP की जनता से अपील: 'नशे के सौदागरों की दें सूचना'
इस शानदार कामयाबी पर SSP एसटीएफ अजय सिंह ने पूरी टीम की पीठ थपथपाई. उन्होंने आम जनता और विशेषकर युवाओं से अपील की है. किसी भी प्रकार के लालच या भ्रम में आकर नशे के इस जानलेवा कारोबार का हिस्सा न बनें. 'ड्रग्स फ्री देवभूमि' का लक्ष्य हासिल होने तक एसटीएफ का यह कड़ा प्रहार जारी रहेगा.
हेल्पलाइन अपील
यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति नशा तस्करी या इसके अवैध कारोबार में लिप्त है, तो तुरंत STF को इसकी सूचना दें. सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी.
