Maha Kumbh News: प्रयागराज महाकुंभ को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और डिजिटल के साथ ही प्लास्टिक फ्री व ग्रीन कुंभ के तौर पर भी आयोजित किया जा रहा है. महाकुंभ प्लास्टिक फ्री और हरित हो, इसे लेकर सरकार और  मेला प्राधिकरण और संत महात्माओं के साथ ही तमाम संस्थाएं भी लोगों को जागरूक कर रही हैं.

इसी कड़ी में राजस्थान के जयपुर की संस्था करणी कृपा फाउंडेशन संत महात्माओं को आगे कर मेला क्षेत्र में मौजूद श्रद्धालुओं और दूसरे लोगों को न सिर्फ जागरूक कर रही है बल्कि हाथ उठवाकर उन्हें शपथ भी दिलाई जा रही है. इसके साथ ही लोगों में कपड़े के बने हुए थैले भी वितरित किए जा रहे हैं. संस्था की यह मुहिम महाकुंभ क्षेत्र में लगातार जारी है.

करणी सेना फाउंडेशन ने कपड़े के थैले बांटेसंस्था ने इसी कड़ी में शुक्रवार को इंद्रप्रस्थ पीठाधीश्वर जगतगुरु योगेश्वराचार्य के कैंप में कपड़े के थैले वितरित करने का कार्यक्रम आयोजित किया. जगद्गुरु योगेश्वराचार्य ने अपने कैंप में मौजूद भक्तों और दूसरे श्रद्धालुओं को सबसे पहले हाथ उठाकर शपथ दिलाई. इसके बाद करणी सेवा फाउंडेशन की तरफ से तैयार किए गए कपड़ों के थैलों को लोगों में बांटा. संस्था की चेयरमैन करिश्मा हाड़ा ने शिविर में मौजूद लोगों को जागरूक करने का काम किया. उन्होंने बताया कि प्लास्टिक किस तरह से हमारे देश में प्रदूषण फैला रहा है और लोगों को बीमार कर रहा है ऐसे में हमें इससे दूरी बनाते हुए इसका त्याग करना चाहिए. 

जगतगुरु योगेश्वराचार्य जी महाराज ने भी लोगों से महाकुंभ के साथ ही समूचे देश में प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि महाकुंभ को प्लास्टिक फ्री और ग्रीन बनाना सभी की जिम्मेदारी है और हर किसी को इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान देना चाहिए. करणी कृपा फाउंडेशन के साथ ही तमाम दूसरी संस्थाएं भी मेला क्षेत्र में इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं. 

यह भी पढ़ें- महाकुंभ हादसे के बाद पहली बार प्रयागराज पहुंचे सीएम योगी, किया हवाई सर्वेक्षण