Maha Kumbh 2025: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने उत्तराखंड के श्रद्धालुओं को प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ 2025 (Maha Kumbh 2025) में शामिल होने का आमंत्रण दिया है. महाकुंभ का शुभारंभ 13 जनवरी से हो रहा है, जिसके लिए उत्तराखंड परिवहन निगम ने विशेष कुंभ बस सेवा शुरू की है. यह बस ऋषिकेश से प्रतिदिन श्रद्धालुओं को लेकर प्रयागराज के लिए रवाना होगी.

उत्तराखंड परिवहन निगम ने कुंभ स्पेशल 49-सीटर बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह बस ऋषिकेश से रोज सुबह 10 बजे प्रयागराज के लिए रवाना होगी. यात्रियों को यह सेवा 1080 रुपये प्रति व्यक्ति के किराए पर उपलब्ध कराई गई है. बस सेवा की शुरुआत से उत्तराखंड के श्रद्धालुओं को महाकुंभ में शामिल होने के लिए सुविधा मिलेगी.

संतों ने सीएम योगी के आमंत्रण का किया स्वागतपरिवहन निगम के एजीएम प्रतीक जैन ने कहा, "हमने कुंभ के लिए विशेष बस सेवा शुरू की है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह बस रोजाना निर्धारित समय पर चलेगी. बस में सभी यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्था की गई है." महाकुंभ में भाग लेने के लिए उत्तराखंड से बड़ी संख्या में संत और श्रद्धालु प्रयागराज जाने की तैयारी कर रहे हैं. अखिल भारतीय संत समाज के प्रतिनिधि महंत रवि प्रपन्नाचार्य ने कहा, "महाकुंभ हमारे लिए आध्यात्मिकता और संस्कृति का सबसे बड़ा पर्व है. उत्तराखंड सरकार और परिवहन निगम ने इस बस सेवा की शुरुआत कर हमारे संतों और श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा दी है. हम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आमंत्रण का स्वागत करते हैं.

महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं को होगी सुविधाइस बस सेवा का उद्देश्य उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को महाकुंभ में पहुंचने में मदद करना है. ऋषिकेश से प्रयागराज की दूरी लगभग 700 किलोमीटर है, जिसे यह बस सुरक्षित और आरामदायक तरीके से तय करेगी. इस सेवा से खासतौर पर बुजुर्ग यात्रियों और महिला श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, जो सामान्य परिवहन साधनों से यात्रा करने में असुविधा महसूस करते हैं.

महाकुंभ भारतीय संस्कृति का सबसे बड़ा आध्यात्मिक आयोजन है, जो हर 12 साल में प्रयागराज, हरिद्वार, उज्जैन और नासिक में आयोजित होता है. इस बार प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है. कुंभ स्नान का पहला शुभ अवसर 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा पर होगा. इसके बाद मकर संक्रांति (14 जनवरी), मौनी अमावस्या (29 जनवरी), बसंत पंचमी (12 फरवरी) और महाशिवरात्रि (26 फरवरी) को प्रमुख स्नान होंगे.

उत्तराखंड परिवहन निगम ने बस सेवा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए हैं. बसें समय पर चलेंगी और चालक-परिचालकों को विशेष निर्देश दिए गए हैं. यात्रियों के लिए टिकट की बुकिंग ऋषिकेश बस स्टेशन पर उपलब्ध है. उत्तराखंड परिवहन निगम की यह पहल श्रद्धालुओं को न केवल सुविधा देगी, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को भी बढ़ावा देगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आमंत्रण और उत्तराखंड परिवहन निगम की कुंभ स्पेशल बस सेवा से हजारों श्रद्धालु इस महान आध्यात्मिक पर्व में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित कर सकेंगे.

ये भी पढ़ें: महाकुंभ से 3 दिन पहले देवकीनंदन ठाकुर की बड़ी मांग, कहा- बुलंद होगी हिन्दुओं की आवाज