उत्तर प्रदेश में अप्रैल के पहले सप्ताह में मौसम तेजी से बदल रहा है. मार्च में जहां गर्मी पड़ी, वहीं अब मौसम विभाग ने यूपी के मौसम को लेकर नया अलर्ट जारी किया है. नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से शुक्रवार से अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में कई जगह बारिश और ओले गिरेंगे. इसके अलावा कुछ जगह हल्की और मध्यम बारिश होगी. ओलों और भारी बारिश को लेकर किसानों को भी अलर्ट जारी किया गया है. शुक्रवार को वेस्ट यूपी में कई जगह बादल छाए हुए हैं और बूंदा-बांदी भी हुई है.
कई जगह गरज-चमक के साथ बिजली कड़कने के साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ़्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिमी यूपी में कई जगह बारिश हुई भी है और रात तक तेज बारिश और ओले गिर सकते हैं.
पूर्वांचल में वाराणसी से लेकर प्रयागराज तक बारिश
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक वाराणसी, कौशांबी, प्रयागराज समेत आसपास के जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. तूफ़ान को भी लेकर लोगों से सचेत रहने को कहा गया है. तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है. वाराणसी में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गयी.
पश्चिमी यूपी के 18 जिलों में अलर्ट
पश्चिमी यूपी में मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, बागपत, बुलंदशहर, मथुरा, अलीगढ़. हापुड. झांसी, आगरा में भी शुक्रवार को बारिश और ओलों का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा कई और जिलों में बारिश हो सकती है. साथ ही तूफ़ान आने की संभावना है.
इसके साथ ही मौसम विभाग ने किसनों से अपील की है कि खेतों में खुले में फसल न छोड़ें, उसे सुरक्षित स्थान पर रखें, वरना ओलों और बारिश से फसल खराब हो सकती है. सभी जिलों में आपदा प्रबंधन टीम को भी अलर्ट मोड़ पर रहने को कहा गया है.
